यूपी में अलकायदा का नेटवर्क बना रहा इंडियन मुजाहिदीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में अलकायदा की एंट्री खतरे का बड़ा अलार्म माना जा रहा है। खुफिया एजेंसियों ने गृह विभाग को जो इनपुट दिया है उसके मुताबिक इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) अलकायदा के लिए नेटवर्क तैयार कर रहा है।
स्थानीय स्तर पर हर संभव मदद दी जा रही है। इस बड़े आतंकी संगठन का नेटवर्क सामने आने के बाद खुफिया एजेंसियों ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
उत्तर प्रदेश में कई आतंकी संगठनों ने नेटवर्क तैयार कर लिया है। पश्चिमी उत्तर के कुछ जनपदों में तो दहशतगर्दों ने गहरी जड़ें जमा ली हैं। मुरादाबाद मंडल से भी इनके रिश्ते उजागर हो रहे हैं। पहले सलीम पतला की गिरफ्तारी हुई और फिर इजाज पकड़ा गया।
इन दोनों आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद जो नेटवर्क सामने आया उसने खुफिया एजेंसियों की बेचैनी बढ़ा दी थी। अब अलकायदा के चीफ की गिरफ्तारी ने खतरे का ‘अलार्म’ दे दिया है।
अलकायदा की एंट्री खतरे का बड़ा अलार्म
आईबी के रिटायर असिस्टेंट डायरेक्टर एसपी सिंह का कहना है कि अलकायदा की एंट्री अपने आप में एक बड़ा खतरा है। अलकायदा सबसे मजबूत आतंकी संगठन है।
अलकायदा के लिए इंडियन मुजाहिदीन नेटवर्क तैयार कर रहा है। कुछ जगहों से ऐसी खुफिया जानकारी लगातार मिलती रही हैं। जब यासीन भटकल की गिरफ्तारी हुई थी तब भी नेटवर्क के खुलासे हुए थे। यह बात सामने आई थी कि इंडियन मुजाहिदीन अलकायदा को नेटवर्क दे रहा है।
उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में नेटवर्क खंगाला भी गया था। मुरादाबाद, संभल, बिजनौर, अमरोहा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़, दिल्ली, गाजियाबाद, बरेली समेत कई जनपदों में आतंकी संगठनों के गुर्गे छिपे होने की सूचनाएं भी मिलती रही हैं। कई लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। एसटीएफ ने भी कई जनपदों में छापामारी की थी।
हूजी भी कर रहा है मदद
मुरादाबाद। अलकायदा की मदद बांग्लादेश का दुर्दांत आतंकी संगठन हूजी भी कर रहा है। प्रदेश के जिन जनपदों में भी हूजी का नेटवर्क है वहां अलकायदा की मदद की जा रही है। आईबी के रिटायर असिस्टेंट डायरेक्टर एसपी सिंह का कहना है कि अलकायदा ने कई आतंकी संगठनों को खुद से जोड़ लिया है।