मनरेगा से जुड़ेंगे IIT के छात्र, करेंगे कायाकल्प
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मनरेगा में बदलाव की कसरत में जुटी मोदी सरकार इस योजना के साथ आईआईटी छात्रों को भी जोड़ने की तैयारी कर रही है। मनरेगा के कामकाज की निगरानी अब निजी कंपनियों और एनजीओ के बजाय युवा हाथों में होगी।
विपक्ष में रहते हुए भाजपा हमेशा ही मनरेगा में गड़बड़ी का मुद्दा उठाती रहती थी। सरकार में आने के बाद भाजपा रणनीतिकार इस योजना की खामियों को दूर करने में जुटे हैं।
केंद्र सरकार की कोशिश है कि तीसरे पक्ष के ऑडिट के रूप में मनरेगा के कामकाज की निगरानी आईआईटी, एनआईटी, प्रदेश के इंजीनियरिंग और प्रबंधन संस्थान के छात्रों से करवाई जाए।
अब तक मनरेगा के कामकाज की निगरानी निजी कंपनियों और एनजीओ के जरिये होती रही है। इस मामले पर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू का कहना है कि मनरेगा की निगरानी के काम में छात्रों को जोड़ना चाहिए। इससे बेहतर परिणाम सामने आएंगे।
लूट-खसोट पर अंकुश लगाने की कसरत
बताया जा रहा है कि सरकार के रणनीतिकारों ने मनरेगा की निगरानी के काम में युवाओं को जोड़ने की तैयारी पूरी कर ली है। कहा जा रहा है कि बीते दिनों नायडू ने ग्रामीण विकास मंत्रालय को सुझाव दिया था कि तीसरे पक्ष के रूप में मनरेगा की निगरानी का जिम्मा आईआईटी, इंजीनियरिंग और स्थानीय प्रबंधन संस्थानों के छात्रों को दिया जाए। इससे मनरेगा की जमीनी हकीकत के बारे में सरकार को करीब से पता चलेगा तो वहीं सरकार के कामकाज में युवाओं की भागीदारी भी होगी।
छात्रों और युवा वर्ग को मनरेगा की निगरानी से जोड़ने के पीछे सरकार का मकसद इस योजना से लूट-खसोट पर लगाम लगाना है। मनरेगा में गड़बड़ियों के मामले कई बार सामने आ चुके हैं।
इस महत्वाकांक्षी योजना में व्याप्त भ्रष्टाचार की वजह से ही योजना को बंद करने की आवाज तक उठी है। इसके मद्देनजर ही मोदी सरकार ने सत्ता संभालने के बाद मनरेगा की लूट-खसोट पर लगाम कसने पर सक्रियता बढ़ाई है।
हालांकि कांग्रेस और मनरेगा की पैरोकारी करने वाले कई गैर सरकारी संगठन भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के बहाने इसे मोदी सरकार पर मनरेगा के पर कतरने और आगे चलकर इसे बंद करने की तैयारी का हिस्सा मानते हैं लेकिन ग्रामीण विकास मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने मनरेगा को बंद करने की इन आशंकाओं को खारिज कर दिया है।