आईआईएम कोलकाता के छात्र को मिला 34 लाख का पैकेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईआईएम कलकत्ता में कैंपस प्लेसमेंट में एक छात्र को 33.7 लाख रुपये सालाना का पैकेज मिला है। यह पैकेज संस्थान के कैंपस प्लेसमेंट के दौरान पिछले साल पेश की गई अधिकतम सैलरी की तुलना में 24.8 फीसदी अधिक है।
पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम फॉर एग्जीक्यूटिव्स के आठवें बैच की सालाना सैलरी में 21.6 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले साल यह औसत सैलरी 22.69 लाख रुपये सालाना थी। 50 छात्रों के इस बैच में से 44 छात्रों को 54 ऑफर दिए गए। इनमें से तीन छात्रों ने अपने पूर्व संस्थानों में नौकरी करने का फैसला किया।
संस्थान में प्लेसमेंट ऑफिस और कैरियर डेवलपमेंट के अध्यक्ष प्रो. राजीव कुमार ने बताया कि प्लेसमेंट के लिए अमेजन, डेल, एक्सेंचर, ओरैकल, माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, फोर्ड मोटर (आईटी), स्नैपडील समेत 55 कंपनियां पहुंची थीं।
इन कंपनियों ने प्रबंधन के मध्यम और वरिष्ठ पदों के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए प्लेसमेंट हायरिंग प्रक्रिया में हिस्सा लिया था।
कंपनियों को आईआईएम कलकत्ता के छात्रों पर भरोसा
आईटी कंपनियों ने छात्रों को 12 और आईटी प्रोडक्ट कंपनियों ने 10 ऑफर दिए। जबकि ई-कॉमर्स कंपनियों ने आठ ऑफर्स दिए। अच्छे ऑफर देने वाले अन्य सेक्टरों में एनालिटिक्स, केपीओ, बीपीओ, पावर और रियल एस्टेट प्रमुख थे।
कुमार ने कहा कि प्लेसमेंट को देख कर लगता है कि कंपनियां प्रतिभाशाली और प्रतिबद्ध लोगों को बढ़-चढ़ कर महत्व दे रही हैं।
पीजीपीईएक्स के तहत ग्रेजुएट करने वाले छात्रों को जिन वरिष्ठ पदों की पेशकश की गई है उससे प्रदर्शित होता है कि उद्योग को आईआईएम कलकत्ता के छात्रों पर भरोसा है कि वे संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान कर सकते हैं।