अगर पाक से भिड़ा तो भारत को होगा ज्यादा नुकसान
अगर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध हुआ तो भारत को ज्यादा नुकसान होगा। यह बात अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपने संपादकीय में लिखी है।
दरअसल अखबार का मानना है कि भारत पाकिस्तान के मुकाबले ज्यादा समृद्ध और सफल देश है। ऐसे में अगर युद्ध हुआ तो उसे नुकसान भी ज्यादा होगा। अखबार लिखता है कि बंटवारे के करीब पांच दशक बाद भी दोनों देश कश्मीर मसले का हल नहीं निकाल पाए हैं। पिछले सप्ताह हुई सीमा पर भारी गोलीबारी के चलते कई नागरिक भी मारे गए।
गोलीबारी की ये घटनाएं ऐसे वक्त हुई हैं जब रूस के ऊफा में भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ से मुलाकात की है।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने यह संपादकीय ‘द नीड फॉर रेस्ट्रेंट इन कश्मीर’टाइटल से लिखी है। हालांकि अखबार ने यह नहीं बताया है कि युद्ध में भारत को ज्यादा नुकसान क्यों होगा।
मोदी को परख रहा पाक
अखबार के मुताबिक,पाकिस्तान मोदी को परख रहा है। इसकी वजह यह है कि मोदी ने उनसे पहले पीएम रहे मनमोहन सिंह से अलग रुख अपनाते हुए कहा था कि वह पाकिस्तान की तरफ से भारत पर होने वाले हमलों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
पाकिस्तान यह देखना चाहता है कि मोदी क्या कदम उठा सकते हैं? रूस के ऊफा में मोदी-नवाज शरीफ की मुलाकात के बाद 27 जुलाई को भारत के गुरदासपुर में हमला हो गया था। इसके बाद से रिश्तों में तनाव है।
उधर, पाकिस्तान की सेना भारत के साथ तनाव बनाए रखने को अपनी ताकत मानती है। दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधारने की नेताओं की कोशिशों में पाकिस्तान की आर्मी ने कई बार अड़ंगा भी डाला है।