'मोदी PM बने, तो होगी मिलिट्री ट्रेनिंग'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इन दिनों भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी और दूसरे वरिष्ठ नेता अलग-अलग मंचों से यह साफ कर रहे हैं कि अगर एनडीए इस बार सत्ता में आता है, तो अलग-अलग मोर्चों पर क्या कदम उठाए जाएंगे।
उमा भारती ने पहले कहा था कि अगर मोदी पीएम बनते हैं, तो रॉबर्ट वाड्रा को जेल जाना होगा। लेकिन मोदी ने साफ किया कि ऐसा कुछ नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि वो बदले की राजनीति में यकीन नहीं रखते।
लेकिन अब एक और इसी तरह का बयान आया है, जिस पर निगाह खिंच सकती है। भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख और गाजियाबाद से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे वी के सिंह ने यह नायाब बात कही है।
'अनिवार्य बनाए जाएगी सैन्य ट्रेनिंग'
पूर्व सैन्य प्रमुख जनरल वी के सिंह (रिटायर्ड) ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले सैनिकों के योगदान की तारीफ करते हुए कहा कि अगर भाजपा सरकार बनाने में कामयाब रही, तो शैक्षणिक संस्थानों में सैन्य ट्रेनिंग को अनिवार्य बना दिया जाएगा।
उन्होंने सेना में अफसरों और जवानों के स्तर पर लोगों की कमी की बात उठाई और कहा कह कि सभी खाली पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाना चाहिए।
सिंह ने बताया कि उन्होंने केंद्र सरकार को एक प्रस्ताव भेजा था, जिसमें कहा गया था कि देश के सभी स्कूल और कॉलेज में ऐसे कोर्स शुरू किए जाने चाहिए, जो बच्चों और नौजवानों को भारतीय सेना के लिए तैयार करें।
'कुछ नौकरशाह नहीं चाहते बदलाव'
वी के सिंह ने कहा, "हालांकि, नौकरशाही के उस धड़े ने इस प्रस्ताव को जाया कर दिया, जो भारतीय जनता और जवानों के कल्याण में कोई दिलचस्पी नहीं रखता।"
उन्होंने कहा, "भाजपा के सत्ता में आने के बाद हम सभी शैक्षणिक संस्थानों में सैन्य ट्रेनिंग को अनिवार्य बनाने की कोशिश करेंगे।" उन्होंने कहा कि वो व्यक्तिगत रूप से क्षेत्रीय आधार पर और रेजीमेंट बनाने के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन रेजीमेंट के ढांचे में बदलाव की जरूरत है। इसके अलावा भारतीय सेनाओं में भर्ती के मौजूदा सिस्टम को खत्म करना होगा।
सिंह ने कहा, "मौजूदा सिस्टम ने हिमाचल प्रदेश जैसे कई राज्यों को नुकसान पहुंचाया है।" उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की ओर से तख्तापलट की कोशिशों की खबर में कोई दम नहीं है।
'देश को कांग्रेस से हुआ नुकसान'
वी के सिंह ने कहा, "मैंने अपना जवाब और रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजा था, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अब मैं चुनाव प्रक्रिया खत्म होने के बाद अखबार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराने के बारे में सोच रहा हूं।"
उन्होंने कहा कि भाजपा से जुड़ने का फैसला उन्होंने इसलिए लिया, क्योंकि भारतीय राजनीति में भ्रष्टाचार करना जरूरी है। इसके अलावा कांग्रेस का व्यावहारिक विकल्प तलाशना जरूरी है, क्योंकि वो पार्टी देश का काफी नुकसान कर चुकी है।
पूर्व सैन्य प्रमुख ने कहा, "देश ने कांग्रेस शासन में काफी नुकसान झेला है और इस पार्टी को हमेशा के लिए भारतीय राजनीति से बाहर कर दिया जाना चाहिए।"
'झूठ बोलने के अलावा कुछ नहीं करते राहुल'
केंद्र सरकार की तरफ से एक पद, एक पेंशन की घोषणा पर पूर्व जनरल ने कहा, "यह कथित घोषणा जल्दबाजी में की गई और वो भी बिना किसी बजट के। राहुल गांधी ने लोगों से झूठ बोलने के अलावा कुछ नहीं किया।"
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने परमवीर चक्र विजेता विक्रम बत्रा की मां कमला कांता बत्रा को हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से लोकसभा टिकट देकर परिवार की कोई सेवा नहीं की है।
वी के सिंह ने कहा, "इसके बजाय, इन परिवारों को भावनात्मक सहयोग की जरूरत है। इन परिवारों को राजनीति में घसीटने के बजाय सम्मान किया जाना चाहिए, जो नहीं किया गया।"