बीजेपी में आदित्यनाथ और लव जिहाद के फॉर्मूले का विरोध
उत्तर प्रदेश में लव जिहाद का फॉर्मूला फेल होने के बाद बिहार बीजेपी में इसके खिलाफ सुर सुनाई देने लगे हैं। बिहार के बीजेपी नेता और मुख्यमंत्री पद के दावेदार सुशील कुमार मोदी ने कहा योगी आदित्यनाथ ने उत्तरप्रदेश की चुनावी रैलियों की तरह भड़काऊ भाषण अगर बिहार में दिए तो इसका विरोध होगा।
उप चुनाव में बीजेपी के स्टार प्रचारक बनाए गए योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में लव जिहाद के मामले में कुछ भड़काऊ भाषण दिये थे। जिसके चलते वे काफी विवादों में भी रहे।
आदित्यनाथ को चुनाव आयोग ने भड़काऊ भाषण देने के कारण नोटिस भी दिया था।
इंडियन एक्सप्रेस से हुई बातचीत में बिहार के बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी ने लव जिहाद के मुद्दे पर योगी आदित्यनाथ के विचारों को नकारते हुए कहा है कि वह लव जिहाद के मसले को उछालने के खिलाफ हैं।
मोदी ने कहा कि वह किसी भी प्रकार से लव जिहाद का समर्थन नहीं करते हैं। साथ ही मोदी ने कहा कि वह अगले साल होने वाले विधान सभा चुनाव में अधिक संख्या में मुस्लिमों को टिकट देंगे।
आदित्यनाथ के विचारों का समर्थन नहीं
मोदी ने कहा कि वे योगी आदित्यनाथ के लव जिहाद के विचारों का समर्थन नहीं करते है। मोदी ने यह भी कहा कि योगी आदित्यनाथ बीजेपी का चेहरा नहीं है।
वह 40 चुनाव प्रचारकों में से एक हैं। मोदी ने यह भी कहा राज्य पार्टी की इकाई में कोई भी आदित्यनाथ के विचारों का समर्थन नहीं करता है।
उन्होंने कहा कि बिहार के मुसलमान बीजेपी से नफरत नहीं करते हैं। मोदी ने कहा कोई यह नहीं कह सकता कि बिहार के मुसलमान बीजेपी के खिलाफ हैं।
सुशील मोदी ने कहा कि हम जातिवाद के मुद्दे को बढ़ावा नहीं देना चाहते। हमारा मकसद विकास और कानूनी व्यवस्था में सुधार लाना है।