ATM ने उगले 24 लाख, फिर क्या हुआ?
तीन छात्र एटीएम से पैसे निकालने के लिए गए। हाथ लगने से एटीएम से 500 के नोटों का बंडल बाहर आ गया। अंदर थे 24 लाख रुपये। कोई और होता तो शायद इन पैसों के लेकर चंपत हो जाता लेकिन ईमानदार छात्रों ने पुलिस को बुला लिया।
मामला हैदराबाद का है जिसके सामने आने के बाद से इन छात्रों की चर्चा और तारीफ दोनों हो रही है। खैर, आज के दौर में जब लोग पैसों के लिए अपनों के खून के प्यासे हों, ऐसे में कोई लाखों रुपये सामने देखकर भी लालच में न पड़े तो आश्चर्य होना लाजमी है।
खबर के मुताबिक इन तीनों छात्रों ने एटीएम कियोस्क से निकले 24 लाख रुपयों को अपने पास न रखकर पुलिस को जानकारी दी और संभावित लूट को भी टालने का काम किया।
डीसीपी ने बताया कि यदि छात्रों ने इस बारे में पुलिस को जानकारी नहीं दी होती तो पूरा पैसा चोरी हो सकता था। उन्होंने कहा कि छात्रों द्वारा समय पर जानकारी देने से संभावित लूट को टाला जा सका। पुलिस ने तीनों दोस्तों की ईमानदारी और नेकनियती की सराहना की है।
24 लाख देख कर भी नहीं आया लालच
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (वेस्ट जोन) ने बताया कि सीए कोर्स के अंतिम साल के तीन छात्र शेख लतीफ वली, एसआर शिवा दुर्गा प्रसाद और जे हरिप्रसाद 19 सितंबर की रात को पैसा निकालने के लिए एसआर नगर स्थित एसबीएच एटीएम गए थे।
वली को 200 रुपये निकालने थे जिसके लिए वह अपने दोनों दोस्तों के साथ कियोस्क में घुसा। एटीएम से पैसा निकालते वक्त उनके हाथ से एटीएम मशीन के दरवाजा पर धक्का लगा और वह अपने आप खुल गया।
डीसीपी ने बताया कि 500 रुपये का एक बंडल बाहर आ गया, जिसमें कुल डेढ़ लाख रुपये थे। जबकि एटीएम मशीन की ट्रे में बाकी का पैसा पड़ा हुआ था। तीनों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी।
एटीएम कियोस्क पर पहुंचकर पुलिस ने एसबीएच बैंक स्टाफ और एटीएम की चाबी रखने वाले को सूचना दी। गणना करने पर पूरी रकम 2450500 रुपये निकली।