फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   hyderabad blasts found clue in cctv showing suspect on bicycle

CCTV में मिला अहम सुराग, साइकिल पर दिखा संदिग्ध

Sat, 23 Feb 2013 08:57 PM IST
हैदराबाद/एजेंसी
हैदराबाद/एजेंसी Updated Sat, 23 Feb 2013 08:57 PM IST
विज्ञापन
hyderabad blasts found clue in cctv showing suspect on bicycle

धमाकों की जांच में जुटी एजेंसियों ने अहम सुराग मिलने का दावा किया है। हैदराबाद के दिलसुखनगर इलाके में लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच भी की जा रही है। इस फुटेज में साइकिल पर आता एक व्यक्ति दिख रहा है। उसकी साइकिल पर एक बैग भी टंगा दिख रहा है।

विज्ञापन


पुलिस को संदेह है कि इसी व्यक्ति ने बम रखा। जांच एजेंसियां दिलसुखनगर इलाके से की गई तमाम कॉल की डिटेल भी खंगाल रही हैं। गति पकड़ती जांच के साथ ही धमाकों में इंडियन मुजाहिदीन का हाथ होने की तस्वीर और साफ होती जा रही है।
विज्ञापन


हालांकि पुलिस आधिकारिक तौर पर फिलहाल इस बारे में कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस ने धमाकों के बारे में जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री सविता रेड्डी ने जहां जल्द ही मामले की तह तक पहुंचने का दावा किया, वहीं हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर अनुराग शर्मा ने शनिवार को कहा कि हमें कुछ सुबूत और कुछ सुराग मिले हैं। हम घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी की फुटेज को जांच रहे हैं। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि आतंकवादियों ने धमाके करने से पहले सीसीटीवी के तार काट दिए थे।

उन्होंने बताया कि कुछ स्थानीय युवकों से पूछताछ की गई है, लेकिन अभी तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। हमले में आईएम का हाथ होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक इस बारे में कुछ नहीं किया जा सकता है कि धमाकों को किसने अंजाम दिया।

हालांकि उन्होंने बताया कि आईईडी में अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया। इसमें टाइमर भी लगा था। विस्फोटक को एल्युमिनियम के डिब्बों में लोहे के टुकड़ों के साथ रखा गया और इन्हें साइकिल पर रखा गया। यह सभी तौरतरीके आईएम की तरफ इशारा कर रहे हैं।

कमिश्नर ने कहा कि हमें संभावित आतंकी हमलों के बारे में दिल्ली से 15 फरवरी को पहला अलर्ट मिला था। हमने इसे हल्के में नहीं लिया। पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया था। भीड़ वाले इलाकों, बाजारों, मॉल, सिनेमाघरों जैसी सभी प्रमुख जगहों पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई थी। बम निरोधी दस्तों को भी तैनात किया गया था।

साइकिल वाले पर शक की सुई
ब्लास्ट से पहले के सीसीटीवी फुटेज में दिलसुखनगर में एक व्यक्ति साइकिल से ब्लास्ट स्थल की ओर जाता दिख रहा है। उसकी साइकिल पर एक बैग भी टंगा है। पुलिस को शक है कि इसी शख्स ने साइकिल पर बम रखा क्योंकि लौटते वक्त उसके पास साइकिल नहीं थी।

फोन कॉल्स पर भी नजर
दिलसुखनगर और उसके आसपास के इलाके से धमाके के वक्त की गई कॉलों को भी खंगाला जा रहा है।

जांच को 15 टीमें
आंध्र प्रदेश पुलिस ने मामले की जांच को 15 टीमें बनाई हैं। हर टीम में 10 से 15 पुलिसकर्मी हैं। एनआईए की टीम धमाकों के संबंध में आंध्र की चंचलगुडा जेल में बंद कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है।

सूचना देने वाले को 10 लाख
हैदराबाद पुलिस ने धमाकों के बारे में सूचना देने वाले शख्स को 10 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। पुलिस ने साफ किया है कि धमाकों के संबंध अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

संदेह के घेरे में नहीं मिर्जा
पुलिस ने बृहस्पतिवार के धमाके में घायल हुए अब्दुल वसी मिर्जा से पूछताछ की। मिर्जा हैदराबाद में 2007 में हुए धमाके में भी घायल हुआ था, जिसके चलते वह पुलिस की नजरों में आ गया, हालांकि पूछताछ के बाद पुलिस ने साफ किया कि वह शक के दायरे में नहीं है। अन्य गवाहों की तरह घटना के एक गवाह के तौर पर ही मिर्जा का बयान दर्ज किया गया है।

धमाकों में पाक का हाथ
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि हैदराबाद के ब्लास्ट में पाकिस्तान का हाथ है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी मुल्क भारत के खिलाफ छद्म छेड़े हुए है। पाकिस्तान ने वादा किया था कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों के लिए नहीं होने देगा। लेकिन उसने इस वादे को कभी नहीं निभाया।

गंभीरता से लिए थे अलर्ट
हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर अनुराग शर्मा ने कहा है कि केंद्र सरकार की ओर से भेजे गए संभावित आतंकी हमलों के अलर्ट को हमने पूरी गंभीरता से लिया था। इसके बाद हैदराबाद में निगरानी कड़ी कर दी गई थी।

3500 सीसीटीवी लगेंगे
हैदराबाद के कई बार आतंकी हमलों का निशाना बनने के बाद आंध्र प्रदेश सरकार ने अब कहा है कि वह हैदराबाद और साइबराबाद के इलाकों में 3500 सीसीटीवी कैमरे लगवाएगी। वहीं हैदराबाद पुलिस ने माना शहर में लगे 303 सीसीटीवी कैमरों में से 38 काम नहीं कर रहे थे।

मनमोहन जाएंगे हैदराबाद
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह रविवार को हैदराबाद जाकर हालात का जायजा लेंगे। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री अस्पताल जाकर ब्लास्ट के घायलों का हालचाल भी लेंगे।

एनआईए ने की बिहार में छापेमारी
हैदराबाद सीरियल ब्लास्टमामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बिहार में छापेमारी की है। अलबत्ता सरकार ने इस मामले में पूरी तरह से मौन साध रखा है। सूत्रों ने बताया कि आरोपियों की तलाश में एनआईए की दो टीमों ने राज्य के दरभंगा और समस्तीपुर जिले में छापामारी की है।


इन टीमों को घटना में वांछित दो लोगों की तलाश है। हालांकि, दोनों जिलों के पुलिस अफसरों ने छापेमारी की सूचना से इंकार किया है। पूछे जाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीडिया से महज इतना ही कहा कि इस मामले में केंद्र सरकार समेत सभी जांच एजेंसियों की पूरी मदद की जा रही है।

हमें अहम सुराग मिले हैं। हमें यकीन है कि हम जल्द से जल्द धमाकों के इस मामले की तह तक पहुंच जाएंगे।
--सविता इंद्रा रेड्डी, आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed