आईएसआईएस के खिलाफ दिल्ली में जुटेंगे दुनिया भर के सूफी
आईएसआईएस की हरकतों से इस्लाम की छवि बिगड़ने से दुनिया भर के सूफी एकजुट हो रहे हैं। आल इंडिया उलेमा व मशायख बोर्ड के आह्वान पर 17 से 20 मार्च तक दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय सूफी कांफ्रेंस में पूरे विश्व के सूफी-संत जुटेंगे।
रामलीला मैदान में जलसे होंगे और लोधी रोड के इस्लामिक कल्चरल सेंटर में सेमिनार होंगे। इसमें भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, मॉरिशस, इंडोनेशिया और मलेशिया समेत दुनिया भर के सूफी जुटेंगे।
इस कांफ्रेंस के बारे में जानकारी देने के लिए आल इंडिया उलेमा व मशायख बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष और रुदौली स्थित शेखुल आलम खानकाह के सज्जदानशीन सैयद अम्मार अहमद नैयर मियां ने नई सड़क पर बैठक की।
अमन का पैगाम देंगे
नैयर मियां ने बताया कि आईएसआईएस की हरकतों से इस्लाम की छवि धूमिल हो रही है। आईएसआईएस मानवता का दुश्मन है और वह इस्लाम विरोधी ताकतों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
इस्लाम का संदेश मुहब्बत है। उन्होंने बताया कि पूरे विश्व के सूफी संत 17 से 20 मार्च तक दिल्ली में इकट्ठा होंगे। वहां कार्यक्रमों में आईएसआईएस और आतंकवाद के खिलाफ प्रस्ताव पास होगा। इस अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस के माध्यम से इस्लाम के अमन का पैगाम दिया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार से अपील भी की कि वह एएमयू और जामिया मिल्लिया इस्लामिया के अल्पसंख्यक दर्जे को बरकरार रखे।