मूर्ति चोरी पर राजनाथ ने नीतीश को किया फोन
बिहार में जमुई जिले में स्थित मंदिर से चौबीसवें तीर्थंकर भगवान महावीर की बेशकीमती मूर्ति चोरी होने के मामले में गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बात की।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि टेलीफोन पर हुई नीतीश कुमार के साथ हुई बातचीत में राजनाथ ने शुक्रवार रात को हुई घटना के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री को घटना की जानकारी दी और बताया कि मूर्ति को बरामद करने और अपराध के लिए जिम्मेदार दोषियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
करोड़ों रुपये में मूर्ति की कीमत
मालूम हो कि जमुई के खैरा क्षेत्र में जन्म स्थान पर स्थित मंदिर से भगवान महावीर की कसौटी पत्थर से बनी तीन फीट ऊंची और ढाई फीट चौड़ी मूर्ति को चोरों ने शुक्रवार रात चुरा लिया।
2600 साल पुरानी इस मूर्ति की कीमत करोड़ों रुपये में बताई जा रही है। जंगलों के बीच स्थित मंदिर में निर्माण कार्य चल रहा था, जिससे चोरों को आसान मौका मिल गया। कसौटी पत्थर काफी कीमती होता है। सोने की शुद्धता परखने में इसका इस्तेमाल किया जाता है।