हिमगिरि एक्सप्रेस में बम की अफवाह से मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हावड़ा से जम्मूतवी जाने वाली हिमगिरि एक्सप्रेस (जम्मूतवी एक्सप्रेस) में बम की सूचना के बाद रविवार को रेलवे सुरक्षा तंत्र में अफरातफरी मच गई। मुगलसराय के अलावा कैंट पर सघन चेकिंग शुरू कर दी गई।
मुगलसराय में चेकिंग के बाद सब कुछ ओके बताकर ट्रेन को कैंट के लिए रवाना कर दिया गया लेकिन यहां चेकिंग में स्लीपर बोगी से संदिग्ध अटैची बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया।
सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल संदिग्ध अटैची को कब्जे में लेकर हैंड होल्ड डिवाइस से उसकी जांच की। अटैची से कपड़े और रोजमर्रा के उपयोग के कुछ अन्य सामान निकलने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने राहत की सांस ली। हालांकि मुगलसराय में हुई ट्रेन की पूरी जांच प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है।
डॉग स्क्वॉड के दस्तों ने गहन छानबीन शुरू कर दी
बम होने जैसी गंभीर सूचना के बावजूद मुगलसराय में जांच में हुई लापरवाही से यहां सुरक्षा कर्मी भी सकते में दिखे। पुलिस कंट्रोल रूम को मिली सूचना के आधार पर मुगलसराय में पूरी ट्रेन खंगाली गई और कोई संदिग्ध वस्तु नहीं होने की बात कहकर ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
वही ट्रेन दोपहर 2:15 बजे जब कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंची तो वहां पहले से मौजूद आरपीएफ, जीआरपी, बीडीएस और डॉग स्क्वॉड के दस्तों ने गहन छानबीन शुरू कर दी। मुगलसराय में हुई जांच से यात्री सहमे थे कि कैंट पर भी तलाशी अभियान शुरू होने से वे और सहम गए। आरपीएफ को स्लीपर बोगी एस-8 के बाथरूम के पास एक लावारिस ट्राली बैग मिला।
आसपास के थानों की फोर्स भी पहुंच गई
आरपीएफ इंस्पेक्टर कैंट सतीश के अर्जुन की अगुवाई में तत्काल उसे रेलवे चहारदीवारी के पास ले जाया गया। हैंड होल्ड डिवाइस के अलावा बीडीएस ने उसकी जांच की। तब तक आसपास के थानों की फोर्स भी पहुंच गई।
हालांकि उसमें कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। लेकिन, सवाल यह उठा कि आखिर मुगलसराय में यह ट्राली बैग सुरक्षा दस्तों को क्यों नहीं मिला। पूरी जांच प्रक्रिया के बाद कैंट से दोपहर 2:45 मिनट पर हिमगिरि एक्सप्रेस को रवाना किया गया।
कैंट पर चेकिंग के दौरान सीओ जीआरपी शेषनाथ यादव, इंस्पेक्टर कैंट जीआरपी एसपी सोनकर, इंस्पेक्टर कैंट आरपीएफ, सीओ चेतगंज, सीओ एलआईयू सहित बड़ी संख्या में फोर्स मौजूद रही।