20 को होगा सलमान की किस्मत का फैसला
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के खिलाफ 13 साल पुराने हिट एंड रन मामले में बचाव पक्ष को और समय देने से इनकार करते हुए अदालत ने कहा है कि 20 अप्रैल को फैसले की तिथि का ऐलान कर दिया जाएगा।
सेशन जज डीडब्ल्यू देशपांडे ने शनिवार को बचाव पक्ष के वकील श्रीकांत शिवाडे की उस मांग को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने अंतिम दलील के लिए और समय की जरूरत बताई थी। जज ने कहा कि इस मामले में 20 अप्रैल को फैसला सुनाए जाने की तिथि का ऐलान कर दिया जाएगा।
इसमें बचाव पक्ष या अभियोजन पक्ष को और समय नहीं दिया जा सकता। इस दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से 27 गवाहों का परीक्षण किया गया और बचाव पक्ष की ओर से मात्र सलमान के ड्राइवर अशोक सिंह का परीक्षण किया गया।
अदालत का बचाव पक्ष को और समय देने से इनकार
मालूम हो कि 28 सितंबर, 2002 को मुंबई के उपनगर बांद्रा में सलमान की गाड़ी से कुचलकर एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और चार घायल हो गए थे। इसमें उन पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज है, जिसमें उन्हें 10 साल तक की सजा हो सकती है।
इस मामले में जिरह के दौरान अपनी अंतिम दलील में अभियोजन ने आरोप लगाया था कि गाड़ी सलमान खान चला रहे थे, जबकि सलमान ने हाल ही में कोर्ट में बयान दिया था कि गाड़ी उनका ड्राइवर अशोक सिंह चला रहा था।
ड्राइवर अशोक ने भी कोर्ट में स्वीकार किया था कि गाड़ी वहीं चला रहा था। हालांकि अभियोजन पक्ष ने इसे सलमान को बचाने की कवायद बताया, क्योंकि इससे पहले अशोक का जिक्र नहीं किया गया था।