मुस्लिमों ने मंदिर में स्थापित कराईं मूर्तियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना, हिंदी हैं हमवतन हैं हिंदोस्तां हमारा। इकबाल के ये शब्द मोहनपुर में आज फिर जीवंत हो गए। कुछ दिन पहले जहां एक अराजकतत्व ने गांव के प्राचीन मंदिर में मूर्तियां तोड़ी थीं, वहीं शनिवार को गांव भर ने एकजुट होकर मंदिर में नई प्रतिमाएं स्थापित कराईं।
इसके उपरांत हिंदू-मुसलमान दोनों समुदाय के लोगों ने मंदिर में पुन: मूर्तियों को स्थापित करने का प्रण किया और पूरा किया। कई मुस्लिम परिवार मूर्ति शोभायात्रा में शामिल हुए। हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कौमी एकता का अनूठा उदाहरण पेश किया।
बता दें कि बुधवार को मोहनपुर में अराजकतत्व द्वारा गांव के प्राचीन मंदिर में मूर्तियां तोड़ने पर समूचे गांव में आक्रोश दिखा। शुक्रवार को ग्रामीणों ने नई प्रतिमाएं स्थापित कराए जाने की मांग को लेकर मैनपुरी-भोगांव रोड पर एक घंटे जाम लगाकर नारेबाजी भी की थी। ग्राम प्रधान डाक्टर लाल सिंह आदि ने नई प्रतिमाएं स्थापित कराए जाने का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल
शनिवार को गांव में शेर पर सवार मां दुर्गा और शिवलिंग को लेकर गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। गांव की गलियों में शोभायात्रा निकाले जाने के दौरान हिंदू समाज के श्रद्धालुओं के साथ मुस्लिम समाज के लोग भी शामिल हुए।
बाद में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच प्रतिमाओं की मंदिर में विधिविधान से प्राण प्रतिष्ठा की गई। ग्रामीणों का कहना था कि अराजक तत्व द्वारा प्रतिमाएं तोड़ी गईं थीं। इस घटना को लेकर गांव में किसी प्रकार का सांप्रदायिक तनाव नहीं है।
मोहम्मद सलीम ने कहा कि किसी भी धर्म का अनादर करना ठीक नहीं है। प्रतिमा तोड़े जाने की घटना से मुस्लिमों में भी असंतोष है। प्रकार प्रेम और सौहार्द कायम रहेगा। मंजूर खां ने बताया कि मंदिर की प्रतिमा तोड़ने वाले को सजा मिली है। इसमें किसी प्रकार की न तो कोई साजिश है और न ही गांव के आपसी सौहार्द पर कोई असर पड़ा है। वहीं, रियाजुद्दीन ने कहा कि मोहनपुर में हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल कायम रहेगी। हमारी एकता को कोई डिगा नहीं सकता। जो कुछ हुआ है उसे भुला देना चाहिए।