ब्रज में बिजली गिरने से सात की जान गई
ब्रज क्षेत्र में बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक मैनपुरी, तीन मथुरा, एक जलेसर और दो भरतपुर के निवासी हैं।
मंगलवार को बारिश के दौरान आगरा के सिकंदरा स्थित अकबर के मकबरे पर भी बिजली गिर गई। इससे स्मारक की संगमरमरी मीनार के कुछ पत्थर टूटकर नीचे आ गिरे। जगह-जगह बारिश हुई और तेज हवाएं भी चलीं। दर्जनों स्थानों पर छप्पर और टीनशेड उड़ गए।
मैनपुरी जिले के भोगांव क्षेत्र के गांव परसादपुर में बिजली गिरने से चरन सिंह (40) की मौत हो गई। बेवर के गुलालपुर में तीन भैंसें भी मर गईं। निर्माणाधीन सैनिक स्कूल में हवा में उड़ी टीनशेड की चपेट में आकर काम कर रहे दो श्रमिकों सहित तीन लोग घायल हो गए।
मथुरा के मगोर्रा और बलदेव में बिजली गिरने से एक महिला और एक वृद्ध की मौत हो गई। गांव कामर में बरसात के दौरान गिरी बिजली से एक किसान की मौत हुई। शेरगढ़़ के गांव बहटा में एक किसान की दो भैंस मर गई।
मथुरा में तीन, भरतपुर में दो की मौत
मथुरा अनाज मंडी में खुले में बिक्री के लिए पड़ी धान को भारी नुकसान हुआ है। एटा के कस्बा जलेसर के ग्राम जलूखेड़ा में बिजली गिरने से 14 वर्षीय बालक गंभीर घायल हुआ। आगरा में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मारहरा में बिजली गिरने से पेड़ की टहनियों में आग लग गई, जिससे वहां स्थित झोंपड़ी भी जल गई।
मंगलवार सुबह बारिश के दौरान सिकंदरा स्थित अकबर के मकबरे पर बिजली गिर गई। इससे स्मारक की संगमरमरी मीनार के पत्थर नीचे आ गिरे। यह देख वहां मौजूद सैकड़ों लोग दहशत में आ गए।
उत्तर पूर्वी मीनार के नीचे ही क्लीन इंडिया मुहिम चला रहे एएसआई अधिकारी और स्कूली बच्चे खड़े थे जो बाल-बाल बचे। महज आधे घंटे में ही करीब 8.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर में हवा की रफ्तार 25 किमी तो देहात में 60 किमी प्रति घंटा रही। देहात क्षेत्र में कई जगहों पर ओले भी गिरे।
भरतपुर के गांव गोविंदपुर में खेत पर काम कर रहे किसान संपत (45) और गांव मेथना में भी एक किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई।