10 मिनट में पढ़िए दिन भर की 10 बड़ी खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को जारी अपने अंतरिम आदेश में इंडियन प्रीमियर लीग के 16 अप्रैल से शुरू होने जा रहे सातवें संस्करण को नहीं रोकने का फैसला किया तथा साथ ही टूर्नामेंट खत्म होने तक पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर को अंतरिम अध्यक्ष बनाने के लि कहा।
सर्वोच्च अदालत के न्यायाधीशों की दो सदस्यीय पीठ ने अपने अंतरिम आदेश में कहा कि न्यायालय 16 अप्रैल से शुरू होने जा रहे आईपीएल टूर्नामेंट को नहीं रोकेगी तथा साथ ही इसमें किसी खिलाड़ी को खेलने से भी नहीं रोका जाएगा।
आईपीएल के 20 मैच संयुक्त अरब अमीरात में खेले जाने हैं। इसके अलावा न्यायालय ने गावस्कर को आईपीएल टूर्नामेंट के दौरान बीसीसीआई के अध्यक्ष का पदभार संभालने के लिए भी कहा है।
गौरतलब है कि बोर्ड के पांच उपाध्यक्षों में से कोई एक भी अध्यक्ष का पदभार ले सकता है। इससे पहले गुरुवार को भी सर्वोच्च न्यायालय ने बोर्ड के मौजूदा अध्यक्ष एन श्रीनिवासन को आईपीएल छह में भ्रष्टाचार मामले की जांच पूरी होने तक अपने पद से हटने के लिए कहा था।
बीसीसीआई ने सुप्रीम कोर्ट में किया धोनी का बचाव
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर आईपीएल मामले की जांच पहुंचने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) उनके बचाव की मुद्रा में आ गई है और शुक्रवार को सर्वोच्च अदालत में भी बोर्ड ने धोनी पर लगे आरोपों को गलत बताया।
आईपीएल छह में भ्रष्टाचार मामले पर सर्वोच्च अदालत में सुनवाई के दौरान बीसीसीआई ने न्यायाधीशों के सामने दलीलें पेश करते हुए कप्तान धोनी के खिलाफ लगाये गए आरोपों को गलत बताया।
शीर्ष अदालत ने शुक्रवार को इस मामले में सुनवाई करते हुए आईपीएल छह में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच पूरी होने तक एन श्रीनिवासन को बीसीसीआई अध्यक्ष पद से हटाकर पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर की अध्यक्षता में आईपीएल सात कराने का फैसला किया है।
शीर्ष अदालत में बीसीसीआई के वकील ने कहा कि धोनी के खिलाफ आईपीएल मामले के संबंध में अदालत में जो भी आरोप लगाये गए हैं वह पूरी तरह से गलत है। बोर्ड के वकील ने साथ ही कहा कि गुरुवार को अदालत में मामले की सुनवाई के बाद से मीडिया में भी धोनी के खिलाफ कई तरह के गलत तथ्य पेश किए जा रहे हैं।
वायु सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, सात के मरने की आशंका
वायु सेना का सी 130 जे सुपर हरक्यूलिस विमान शुक्रवार को मध्य प्रदेश में ग्वालियर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट और चालक दल के सदस्यों समेत सात लोगों के मरने की आशंका है।
विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर चंबल नदी के पास गिरा और पास के गांव के लोगों ने उत्साहपूर्वक लोगों की खोज के लिए जब नदी में छलांग लगा दी तो एक व्यक्ति को नदी के घडियाल ने खा लिया।
मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस के सूत्रों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विमान में भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाए जाने के बाद मलबे में पायलट समेत सात लोगों के शव देखे गए हैं।
हालांकि वायु सेना से इसकी पुष्टि नहीं की। यहां वायु सेना के सूत्रों ने बताया कि विमान में चालक दल के कम से कम पांच सदस्य सवार होते हैं लेकिन प्रशिक्षण उडान पर होने के कारण अभी इस बात की पुष्टि करनी है कि उसमें अतिरिक्त सदस्य तो नहीं थे।
कश्मीर मे आतंकी हमला, तीन आतकियों समेत चार मरे
कश्मीर में कठुआ ज़िले के कालीबाड़ी इलाक़े में शुक्रवार को हुए आतंकी हमले में तीन आतंकवादियों समेंत एक सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार ये तीनों आतंकी इससे पहले कठुआ ज़िले के दयालचक इलाक़े में हुए एक चरमपंथी हमले में शामिल थे। उस हमले में भी एक व्यक्ति की मौत हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह पांच बजे के करीब सेना की वर्दी पहने हुए तीन चरमपंथियों ने दयालचक में एक बोलेरो गाड़ी को अपने क़ब्ज़े में लिया। और फिर ड्राइवर के साथ ही उसे लेकर सांबा की ओर भाग गए।
बाद में इन्होंने दयालचक से लगभग 20 किलोमीटर दूर कालीबाड़ी स्थित सेना के कैंप पर हमला किया।
परमाणु क्षमता से लैस पृथ्वी-2 मिसाइल का सफल परीक्षण
भारत ने शुक्रवार को जमीन से जमीन पर मार करने वाली मिसाइल, पृथ्वी-2 का सफल परीक्षण किया। परमाणु क्षमता से लैस यह मिसाइल साढ़े तीन सौ किलोमीटर तक मार कर सकती है।
इस मिसाइल को देश में ही विकसित किया गया है। इंटिग्रेटेड टेस्ट रेंज यानी आईटीआर के निदेशक एमवीकेवी प्रसाद के मुताबिक मिसाइल 500 से 1000 किलो वजन तक के बम ले जा सकती है।
मिसाइल को भुवनेश्वर से करीब 230 किलोमीटर आगे बालासोर जिले में चांदीपुर के इंटिग्रेटेड टेस्ट रेंज से छोड़ा गया। लांचिंग कॉम्पेल्क्स-3 से इसे मोबाइल लांचर से छोड़ा गया।
रक्षा सूत्रों का कहना है कि 2003 में सामरिक बल कमान (एसएफसी) के तहत शामिल की गई पृथ्वी-2 की ट्रेनिंग लांचिंग ने साबित कर दिया है कि भारत किसी भी स्थिति में मिसाइल दाग सकता है। इसके साथ ही भारत की रणनीतिक हथियारों की मारक क्षमता भी साबित हो गई है।
उमा भारती झांसी से ही चुनाव लडेंगी उमाः भाजपा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता उमा भारती झांसी लोकसभा क्षेत्र से ही पार्टी की उम्मीदवार होंगी। कल ऐसी खबरें आई थी कि उमा भारती कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के खिलाफ रायबरेली से चुनाव लड़ सकती हैं।
भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी से आज जब पूछा कहा है कि क्या उमा भारती रायबरेली से पार्टी की उम्मीदवार होंगी तो उन्होंने कहा कि वह झांसी से ही चुनाव लडेंगी।
त्रिवेदी ने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि अमेठी और रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया चल रही है और जैसे ही यह पूरी होगी, वैसे ही इन दोनों क्षेत्रों के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जायेगी।
गौरतलब है कि भाजपा के सहयोगी बाबा रामदेव ने उमा भारती को रायबरेली से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया था।
जदयू से निकाले गए साबिर अली भाजपा में शामिल
जनता दल (यू) से निष्कासित सांसद सांसद साबिर अली आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
भाजपा कार्यालय में आयोजित एक समारोह में श्री अली ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने से पहले वह गुजरात गए थे और वहां की स्थितियों का गंभीरता से अध्ययन किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।
अली ने कहा कि जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कथनी और करनी में भारी अंतर है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार खुद को प्रधानमंत्री पद का सबसे उपयुक्त उम्मीदवार मानते हैं जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी से बेहतर कोई अन्य नहीं है।
पवार का तंज, पीएम बनने की हड़बड़ी में हैं मोदी
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर फिर एक बार हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि मोदी जल्दी से जल्दी प्रधान मंत्री का पद पा लेना चाहते हैं।
कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की संयुक्त रैली में पवार ने कहा कि मोदी पीएम का पद हासिल करने की हड़बड़ी में दिखते हैं। यही वजह है कि भाजपा उन्हें पीएम उम्मीदवार के तौर पर पेश कर रही है।
उन्होंने कहा कि देश में अब तक किसी पार्टी ने चुनाव से पहले प्रधानमंत्री का उम्मीदवार पेश नहीं किया है। लेकिन भाजपा को मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की जल्दी है।
गुरुवार की रात नासिक में हुई इस रैली में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण ने कहा कि मार्केटिंग तकनीकों और मीडिया के जरिये यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि भाजपा ही यूपीए की विकल्प है।
केरल हाईकोर्ट ने की मुख्यमंत्री कार्यालय की खिंचाई
केरल हाईकोर्ट ने राज्य के मुख्यमंत्री ओमान चांडी के ऑफिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कड़ी टिप्पणी की है। हाईकोर्ट ने कहा कि अपने निजी स्टाफ की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री की ही जवाबदेही बनती है।
साथ ही कोर्ट ने सीएम के पूर्व बंदूकधारी सलीम राज के खिलाफ जमीन कब्जा करने के दो मामलों की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया है।
कोर्ट ने कहा कि राज्य के शीर्ष प्रशासन ने ईमानदारी, बुद्धिमत्ता और जिम्मेदारी से निजी कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की। जस्टिस हारुन-उल-रशीद ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय को राज्य के लोगों की सेवा करने के लिए आदर्श संस्थान होना चाहिए।
तिरुवनंतपुरम में कडाकामपल्ली और थरिक्काकारा में जमीन कब्जा करने से संबंधित याचिका को मंजूर करते हुए अदालत ने 132 पन्नों का फैसला सुनाया। कोर्ट ने सीबीआई को जांच पूरी करने के लिए नौ महीने का समय दिया है। सलीम राज के खिलाफ इन मामलों के अलावा अपहरण का मामला भी दर्ज है।
सेंसेक्स और निफ्टी ने बनाया नया रिकार्ड
देश के शेयर बाजारों ने शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी उड़ान भरी।
बाम्बे स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक 125.60 अंक की छलांग के साथ 22339.97 अंक और नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 54.15 अंक की बढत के साथ 6695.90 अंक के नए ऐतिहासिक स्तर पर बंद हुए।
उधर, आठ माह के बाद अमरीकी डालर के मुकाबले रुपया पहली बार 60 पए के स्तर से नीचे आया। संवेदी सूचकांक कारोबार के दौरान 22363.97 अंक की रिकार्ड ऊंचाई तक गया और समाप्ति पर 125.60 अंक अर्थात 0.57 प्रतिशत की बढत से 22339.97 अंक के नये शिखर पर बंद हुआ।
निफ्टी भी 6700 हजार को पार कर 6702.60 अंक के उच्चतम स्तर को छूने के बाद कारोबार के बंद होने पर 54.15 अंक यानि 0.82 प्रतिशत की बढत से 6695.90 अंक के रिकार्ड पर बंद हुआ।