BJP चली AAP की चाल, 25 लाख में मोदी के साथ डिनर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
होली के साथ-साथ इन दिनों सियासी डिनर का मौसम भी चल रहा है। आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने हाल में नागपुर में एक भोज में हिस्सा लिया, जिसमें शिरकत करने वालों 10 हजार रुपए प्रति व्यक्ति की दर से रकम चुकानी थी।
यह अमेरिकी स्टाइल है, जिसमें राजनीतिक दल के सिपहसालार के साथ डिनर आयोजित किया जाता है और उसमें शामिल होने वाले लोग तय रकम चुकाते हैं, जो पार्टी के चुनाव प्रचार में इस्तेमाल होता है।
अभी आम आदमी पार्टी ने केजरीवाल के लिए नागपुर में ऐसा डिनर आयोजित किया और अब बारी भारतीय जनता पार्टी की है, जो नरेंद्र मोदी के लिए ऐसा ही भोज देने की तैयारी कर रही है। और इसके दाम सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे।
2.4 करोड़ तक दे सकते हैं दान
अगर आप भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी के साथ भोजन का लुत्फ लेना चाहते हैं और आपकी जेब में इसके लिए मोटी रकम मौजूद है, तो सही वक्त और मौका आ गया है।
खर्च की कोई सीमा नहीं है। 1 लाख रुपए से लेकर 2.4 करोड़ रुपए तक, कितने भी खर्च किए जा सकते हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव के फंड जुटाने वाले फीचर की तर्ज पर मोदी 26 मार्च को दिल्ली के अशोका होटल ऐसा ही भोज करने जा रहे हैं।
इस हाई-प्रोफाइल डिनर में आप कहां बैठेंगे, यह इस बात से तय होगा कि आप कितना पैसा खर्च कर सकते हैं। जितने ज्यादा दाम खर्च करेंगे, मोदी के उतना करीब बैठ पाएंगे। उनके साथ बैठने का मौक भी होगा, लेकिन जेब ज्यादा ढीली करनी होगी।
2.5 लाख में मोदी की टेबल पर
जो लोग 1 लाख रुपए खर्च करेंगे, उन्हें पीछे की कतार में जगह मिलेगी, जो 2.5 लाख रुपए तक खर्च करने को तैयार हैं, उन्हें डिनर टेबल की आगे की कतार में बैठने का मौका मिलेगा।
अगर आप 25 लाख रुपए खर्च करने की कूव्वत रखते हैं, तो राउंड टेबल पर मोदी के साथ भोजन करने का अवसर मिल सकता है। कॉरपोरेट स्पॉन्सर के लिए अलग कैटेगरी रखी गई है, जो 60 लाख रुपए से लेकर 2.4 करोड़ रुपए तक दे सकते हैं।
अगर इस डिनर में सभी लोग पहुंचते हैं, तो इसके जरिए 15 करोड़ रुपए तक जुटाए जा सकते हैं। इसमें अहम बिजनेस और इंडस्ट्री एसोसिएशन के सदस्यों और प्रोफेशनल लीडर को टारगेट किया जा रहा है।
AAP ने जुटाए 14 लाख
इसका आयोजक एक एनजीओ है, जिसका नाम सिटिजंस फॉर एकाउंटेबल गवर्नेंस है। यह गुजरात के मुख्यमंत्री के लिए यह सारा काम संभाल रहा है। इससे मिलने वाली रकम मोदी फॉर पीएम फंड में जाएगा, जो भाजपा ने जनवरी मध्य में लॉन्च किया था।
पार्टी ने अपनी वेबसाइट पर अलग से भी बताया है कि इस फंड में सहयोग देने वाले लकी ड्रॉ का हिस्सा होंगे और विजेता को उस शख्स से मुलाकात और साथ भोजन करने का मौका मिलेगा, जो देश का अगला प्रधानमंत्री बन सकता है।
अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी इस मॉडल को अपनाने वाली देश की पहली पार्टी थी, हालांकि यह काफी छोटे पैमाने पर किया गया था। नागपुर में इस तरह के पहले डिनर में आम आदमी पार्टी ने 130 लोगों से 14 लाख रुपए जुटाए हैं।
केजरी की योजना 200 करोड़ जुटाने की
पार्टी का कहना है कि कुछ लोगों का आग्रह ठुकराना भी पड़ा। अरविंद केजरीवाल की पार्टी इस मॉडल के जरिए लोकसभा चुनावों तक 200 करोड़ रुपए जुटाने की योजना बना रही है।
एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स के को-फाउंडर जगदीप चोखर ने कहा कि उन्हें फंड जुटाने के अमेरिकी तौर-तरीकों से तब तक कोई ऐतराज नहीं है, जब तक रकम कानूनी रूप से जुटाई जाए।
भाजपा ने किया साफ इनकार
हालांकि, भाजपा ने इस तरह के कार्यक्रम से साफ इनकार किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, "यह जानकारी निराधार है। हमने ऐसे किसी कार्यक्रम की योजना नहीं बनाई है।"
उन्होंने कहा, "हमार कार्यक्रम मोदी के साथ चाय से जुड़ा है और कीमत चुकाकर मोदी के साथ डिनर करने का प्रोग्राम हमारा नहीं है।"
भाजपा ने ऐसी कोई योजना बनाई है या नहीं, यह तो वक्त बताएगा। लेकिन एक बात साफ है कि भारतीय चुनाव में जहां परंपरागत सियासी दांव-पेंच दिख रहे हैं, वहीं अमेरिकी स्टाइल का असर भी नजर आ रहा है।