माइक्रोसॉफ्ट ने दिया पांच करोड़ का ऑफर!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुरुक्षेत्र के गांव नीमवाला के वरिंदर रायका आईआईटी की प्रवेश परीक्षा पास की, लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से देश के अग्रणी संस्थान में पढ़ाई नहीं कर सके।
इसके बावजूद उनका हौसला कम नहीं हुआ और उन्होंने इग्नू से बीटेक करने की ठानी। अभी उनका फाइनल सेमेस्टर भी पूरा नहीं हुआ, इससे पहले ही माइक्रोसाफ्ट कंपनी ने 4.85 करोड़ रुपये का सालाना पैकेज ऑफर किया है।
पहले भी मिला था गूगल का ऑफर
हालांकि, माइक्रोसाफ्ट ने ही दिसंबर 2013 में 1.12 करोड़ का पैकेज ऑफर किया था, लेकिन वह ज्वाइन करने को राजी नहीं हुए। इसके बाद मार्च 2014 में इसी कंपनी ने दोबारा 4.85 करोड़ दिया और अब भी वह ज्वाइन करने पर पसोपेश में हैं।
वरिंदर के बनाए एंटी हैकिंग सॉफ्टवेयर और ऑपरेटिंग सिस्टम से प्रभावित होकर ही माइक्रोसॉफ्ट ने उन्हें यह ऑफर किया है।
कच्चे मकान में रहता है परिवार
हालांकि, कंपनी ने दिसंबर 2014 तक का समय दिया है, लेकिन रायका अपने देशभक्ति के जज्बे को आगे बढ़ाते हुए देश के लिए कुछ करना चाहते हैं।
करीब डेढ़-दो साल पहले गूगल ने भी करीब 80 लाख का सालाना पैकेज आफर किया था। हालांकि, उनकी आर्थिक हालत अब भी ऐसी है कि परिवार कच्चे घर में ही रह रहा है।
परिवार की गरीबी ने बढ़ाया हौसला
कुरुक्षेत्र के गांव नीमवाला में रहकर वर्ष 1997 से 2010 के दौरान वरिंदर के पिता ज्ञानचंद रायका 15 किलोमीटर की दूरी रोजाना तय कर दिहाड़ी करने जाते थे और मां शिंदर कौर सिलाई-कढ़ाई करती रहीं।
दिहाड़ी की कमाई से अपने दो बच्चों को पढ़ाने के मां-बाप के जज्बे को देखकर वरिंदर का हौसला और भी बढ़ गया। उन्होंने भी अपना खर्च निकालने के लिए ट्यूशन पढ़ाना शुरू किया।
वरिंदर की मां शिंदर कौर ने कहा कि जब रात को घर में बिजली नहीं होती थी, उस वक्त भी वह पूरी रात मोमबत्ती के सहारे अपने बेटे को पढ़ने में मदद करती रहीं।
उन्होंने कहा कि वह भले ही अनपढ़ हों, लेकिन वह अपने बच्चों को ऊंचे मुकाम पर देखना चाहती हैं।
सपने देखो और पूरा करने में जुट जाओ
वरिंदर रायका ने कहा कि सपने जरूर देखो और उसे पूरा भी करो। यदि आप उसके लिए हमेशा खुद को तैयार रखते हैं तो शायद ही कोई सपना हो, जो पूरा नहीं हो सकता है।
पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित द गुरुकुल में मंगलवार को उन्होंने बच्चों को सफलता के टिप्स बताए। स्कूल के प्रिंसिपल संजय थरेजा ने वरिंदर को लैपटॉप भेंटकर जिंदगी में सफलता की शुभकामनाएं दीं।