वेबसाइट हैक कर 197 अभ्यर्थियों को किया पास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आरआरसी (रेलवे भर्ती सेल) पूर्वोत्तर रेलवे की वेबसाइट हैक कर जालसाजों ने ग्रुप डी के चयनित अभ्यर्थियों की सूची में 197 नाम बढ़ा दिए। आरआरसी कार्यालय पहुंचे अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र मांगने पर अधिकारियों को मामले की जानकारी हुई। भर्ती सेल के चेयरमैन ने तहरीर दी। अज्ञात हैकर के खिलाफ केस दर्ज कर कैंट पुलिस छानबीन कर रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर मुख्यालय के अलावा लखनऊ, वाराणसी, इज्जतनगर मंडल और डीएलडब्ल्यू वाराणसी, आरडीएसओ लखनऊ में खाली ग्रुप डी के पद पर भर्ती के लिए वर्ष 2014 में आवेदन निकला था।
भर्ती की जिम्मेदारी आरआरसी (रेलवे भर्ती सेल) पूर्वोत्तर रेलवे के चेयरमैन अखिलेश कुमार सिंह को मिली थी। 19 जून 2015 को आरआरसी के पैनल ने 685 अभ्यर्थियों की नियुक्ति पर मुहर लगा दी।
रेलवे की वेबसाइट पर अपलोड की अभ्यर्थियों की सूची
22 जुलाई 2015 को चयनित अभ्यर्थियों के चयन की 12 पेज वाली सूची रेलवे भर्ती सेल की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई। जालसाजों ने वेबसाइट को हैक कर चयनित अभ्यर्थियों की सूची में चार पेज बढ़ाकर 197 लोगों के नाम जोड़ दिए जिसकी जानकारी रेलवे अधिकारियों को नहीं हुई।
जालसाजों ने जिन लोगों के नाम जोड़े थे वे तीन नवंबर को नियुक्ति पत्र लेने रेलवे भर्ती सेल के ऑफिस पहुंचे। मामले की जानकारी होने पर रेलवे भर्ती सेल के चेयरमैन ने छानबीन की तो वेबसाइट हैक कर सूची से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया।
कार्यालय अधीक्षक ने अपलोड कराई थी सूची
रेलवे भर्ती सेल के चेयरमैन अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि भर्ती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह सिंगापुर और मलयेशिया चले गए थे। 685 अभ्यर्थियों की सूची वेबसाइट पर अपलोड कराने की जिम्मेदारी कार्यालय अधीक्षक आदर्श चौधरी को दी गई थी जिसमें छेड़छाड़ की गई है।