मोदी के मंत्री खुद करेंगे अंबानी से रिश्तों का खुलासा
गुजरात मंत्रिमंडल में ऊर्जा और पेट्रोलियम मंत्री सौरभ पटेल अंबानी परिवार के साथ अपने रिश्तों का खुलासा करने को तैयार हो गए हैं। वे चुनाव आयोग को लिखित जवाब भेजेंगे। आयोग ने इस संबध में उनसे जानकारी मांगी थी।
दरअसल, आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने पटेल को अंबानी परिवार का दामाद बताया था, जिसके खिलाफ पटेल ने आयोग में शिकायत की थी, लेकिन आयोग ने उलटे उन्हीं से स्थित साफ करने को कह दिया।
आप नेता ने पटेल पर रिलायंस के लिए काम करने का आरोप लगाया था। गुजरात के विशेष मुख्य चुनाव अधिकारी अश्विन कुमार ने बुधवार को बताया था कि पटेल से अंबानी परिवार के साथ रिश्तों के बारे में खुलासा करने को कहा गया है।
केजरीवाल ने लगाए थे पटेल पर आरोप
पिछले दिनों गुजरात के चार दिवसीय दौरे पर गए केजरीवाल ने कहा था कि मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार मुकेश अंबानी को लाभ पहुंचाने के लिए काम करती है।
केजरीवाल ने कहा था कि मोदी ने अंबानी परिवार के दामाद को अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया है, जिसके जरिए अंबानी गुजरात के पेट्रोलियम संसाधनों का इस्तेमाल अपने हितों में कर रहे हैं। पटेल ने केजरीवाल के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की थी।
हालांकि, चुनाव आयोग ने पटेल से ही इस मामले में सफाई मांग ली। दरअसल पटेल रिलायंस इंडस्ट्रीज के संस्थापक धीरू भाई अंबानी के भाई रामनिक भाई के दामाद हैं।
मोदी के करीबी मंत्रियों में हैं सौरभ पटेल
गुजरात मंत्रिमंडल में सौरभ पटेल नरेंद्र मोदी के करीबी मंत्रियों में गिने जाते हैं। वड़ोदरा में नरेंद्र मोदी के चुनाव अभियान की देखरेख की जिम्मेदारी पटेल के हाथ में ही है। मोदी वाराणसी के अलावा वड़ोदरा से भी लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
पटेल अकोटा विधानसभा सीट से विधायक हैं। ये सीट वड़ोदरा लोकसभा सीट का ही हिस्सा है।
गुरुवार को पटेल के एक करीबी ने बताया कि वे 25 सालों से अंबानी से जुड़े हुए हैं। चुनाव आयोग ने जवाब देने के लिए समय सीमा तो नहीं तय की है, लेकिन वे जल्द ही जवाब भेजेंगे।