{"_id":"19f51d4e-47b4-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"gujarat-elections-voting-for-second-phase-today","type":"story","status":"publish","title_hn":"आज ईवीएम में बंद होगी मोदी सहित 15 मंत्रियों की किस्मत","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
आज ईवीएम में बंद होगी मोदी सहित 15 मंत्रियों की किस्मत
अहमदाबाद/समीर शर्मा
Updated Mon, 17 Dec 2012 01:38 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके 14 मंत्रियों की किस्मत सोमवार को ईवीएम में बंद होगी। अहमदाबाद की 17 सीटों सहित गांधीनगर, वडोदरा, कच्छ समेत 12 जिलों की 95 सीटों पर 820 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
विज्ञापन
इस दौर में मणिनगर सीट से मोदी, कपड़वंज से पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता शंकर सिंह वाघेला और नारणपुरा से भाजपा के अमित शाह सहित कई बड़े नेता अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक मतदान के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था व अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विज्ञापन
आडवाणी, जेटली भी अहमदाबाद में डालेंगे वोट
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली व मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अहमदाबाद में वोट डालेंगे। आडवाणी दोपहर 1.45 बजे शाहपुर स्कूल में, मोदी सुबह 9.30 बजे निशान हाई स्कूल में तथा जेटली सुबह 10.15 बजे चिमनभाई पटेल इंस्टीट्यूट में वोट डालेंगे।
विज्ञापन
फिर चौंका सकता है मतदान
बिना चुनावी मुद्दे और लहर के पहले दौर के भारी मतदान ने सभी को चौंकाया। दूसरे चरण का मतदान भी आश्चर्य में डाल सकता है। पहले चरण के 70.75 फीसदी मतदान के चलते दूसरे दौर में भी भारी मतदान होने की उम्मीद है।
इस दौर में कुल 1.99 करोड़ मतदाता हैं, जिनके हाथों में मोदी सहित उनकी कैबिनेट में शामिल आनंदी पटेल, जयनारायण व्यास, नितिन पटेल, फकीर वाघेला, रामलाल वोरा, सौरभ पटेल, प्रफुल पटेल, प्रदीप सिंह जाडेजा, जीतू सुखाड़िया, वसन अहीर, लीलाधर वाघेला, जसवंत सिंह भाभोर, जयसिंह चौहान, जयद्रथ सिंह परमार और पर्वत पटेल जैसे मंत्रियों की जीत-हार की चाबी है। पूर्व गृह मंत्री अमित शाह पर हत्या के दो अपहरण के आरोप हैं।
मोदी ने किया ताबड़तोड़ प्रचार
मोदी ने पहली दिसंबर से शनिवार शाम तक 285 सभाएं कीं। इनमें उनकी थ्रीडी सभाएं भी शामिल हैं। मोदी इस चुनाव में सबसे कड़ी मेहनत करने वाले नेता बनकर सामने आए हैं। उन्होंने औसतन 19 सभाएं रोजाना की। उन्होंने खुद जनता के बीच जाकर रोजाना 8 से 9 सभाओं को संबोधित किया और 10-11 सभाएं थ्रीडी के जरिए की।
मोदी का प्रचार अभियान रोजाना सुबह 8 बजे से शुरू होकर रात 11 बजे तक चला। इस दौरान उन्होंने सभी 182 सीटों को लगभग दो बार छूने का प्रयास किया। हालांकि इस बीच 62 वर्षीय मोदी को पीठ व कमर दर्द, पैरों में सूजन जैसी समस्याओं से जूझना पड़ा। सुबह उठकर नियमित योग के जरिए उन्होंने इन समस्याओं को अपने अभियान में आड़े नहीं आने दिया। अभियान के दौरान उन्होंने रोजाना करीब 6 घंटे तक हवाई और सड़क यात्रा में बिताए।
पुनर्मतदान में भी उमड़े मतदाता
गुजरात में पहले चरण से ही मतदाताओं में काफी उत्साह है। पहले चरण के मतदान के दिन ईवीएम मशीन में आई तकनीकी खराबी के कारण रविवार को तीन बूथों पर फिर से मतदान हुआ, जो 80 प्रतिशत तक पहुंचा। जामनगर सीट के कोटाड बूथ पर 80.38 फीसदी, भावनगर ग्रामीण सीट के कमलेज बूथ पर 78 फीसदी व सूरत उत्तर विधानसभा सीट के कटरग्राम बूथ पर 69.95 फीसदी मतदान हुआ।