दहेज में नहीं मिली कार तो दूल्हा बारात समेत फरार
बिना दहेज के तय हुई शादी में दूल्हे ने लड़की पक्ष से दहेज में कार की मांग कर दी। लड़की पक्ष के इंकार करने पर दूल्हा और उसके परिजन बारात समेत घोड़ी चढ़त रस्म के बहाने वहां से फरार हो गए। गुस्साए लड़की पक्ष ने हत्थे चढ़े दूल्हे के भाई को बंधक बनाकर पिटाई कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे को उसके घर से पकड़कर लड़की पक्ष के यहां पहुंचाया। वहां उसने लड़की पक्ष से माफी मांगी, लेकिन इसके बाद लड़की ने शादी करने से इंकार कर दिया। कोतवाली में कई घंटे की जद्दोजहद के बाद रात करीब 10 बजे दोनों पक्षों में शादी की सहमति बन गई और शादी की तैयारी शुरू हो गई थी।
आवास विकास कॉलोनी निवासी राजेश सिंह ने करीब डेढ़ साल पहले बेटी रोशनी का रिश्ता हल्दौर के मोहल्ला रईसान निवासी दीपू के साथ तय किया था। उनके मुताबिक शादी बिना दहेज के करना तय हुई थी, लेकिन कुछ समय पहले दीपू की डिमांड पर उसे बाइक भी दे दी गई थी। बुधवार को दीपू बारात लेकर पहुंच गया। आरोप है कि स्वागत के बाद बारात को खाना खाने के लिए भेज दिया गया। इसी बीच दीपू ने लड़की के पिता को बुलाकर उनसे कार की डिमांड कर दी।
इससे इंकार करने पर दूल्हा और उसके परिजन बारातियों के साथ चढ़त की रस्म का हवाला देकर वहां से बैराज मार्ग पर खड़े बैंड बाजे की तरफ चले गए। इसके बाद लड़की पक्ष भी आगे की तैयारियों में जुट गया।
आखिरकार शुरू हुई शादी की तैयारियां
करीब एक घंटे तक भी बारात लड़की पक्ष के घर नहीं पहुंची तो कुछ लोग बारात देखने के लिए बैराज मार्ग पहुंचे, लेकिन बारात वहां नहीं मिली। पूछताछ करने पर बैंड वालों ने भी बारात और दूल्हे के बारे में जानकारी होने से इंकार कर दिया। बारात भागने से गुस्साए लड़की पक्ष ने तलाश की तो दूल्हे का बड़ा भाई कलवा उनके हाथ लग गया, जिसे बंधक बनाकर उसकी पिटाई की गई।
सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कलवा को मुक्त कराने के बाद दूल्हे को उसके घर से ही पकड़ लिया। पुलिस दूल्हे को लेकर लड़की पक्ष के घर पहुंची। जहां उसने लड़की पक्ष से माफी मांगते हुए शादी करने की बात कही, लेकिन लड़की ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया।
कोतवाली में कई घंटे तक जद्दोजहद हुई। शहर कोतवाल अजय गौतम ने बताया कि रात करीब 10 बजे दोनों पक्षों में शादी की सहमति बन गई और शादी की तैयारी शुरू हो गई थी।
‘पड़ा होगा कहीं शराब पीकर’
बारात भागने के बाद लड़की पक्ष के हत्थे चढ़ा दूल्हे का भाई कलवा शराब के नशे में धुत था। दूल्हे के बारे में पूछने पर उसने कहा कि वह भी शराब पीने का आदी है और पीकर कहीं बाग में पड़ा होगा।
लड़की के पिता राजेश कुमार का कहना है कि दहेज में कार की डिमांड करने वाला दीपू मजदूरी करता है। उसके घर में कार खड़ी करने की जगह भी नहीं है। उन्होंने ब्याज पर रुपयों का इंतजाम कर उसके लिए बाइक और खानपान की अन्य व्यवस्था की गई हैं।