'भाजपा छोड़कर कांग्रेस में जाने वाले थे मुंडे'
दिवंगत भाजपा नेता व केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे कांग्रेस का हाथ थामने की तैयारी में थे। यह खुलासा उनके बेहद करीबी महाराष्ट्र विधान परिषद में पूर्व विपक्ष के नेता पांडुरंग फुंडकर ने किया है।
उनके इस बयान से भाजपा में तूफान खड़ा हो सकता है। मुंडे के सड़क दुर्घटना में निधन के बाद मंगलवार को ही विधान मंडल के दोनों सदनों में उन्हें श्रद्धांजलि दे दी गई थी लेकिन भाजपा की मांग पर शुक्रवार को विधान मंडल के दोनों सदनों में कृतज्ञता प्रस्ताव पेश हुआ। इस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान फुंडकर ने मुंडे के कांग्रेस में जाने का बड़ा खुलासा किया।
कांग्रेस ने दिया था मंत्री पद का ऑफर
पांडुरंग फुंडकर ने कहा कि सन 2012 में जब नितिन गडकरी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। उस समय मुंडे पार्टी में अलग-थलग पड़ गए थे।
उन्होंने खुलासा किया कि उस वक्त कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार में एक कैबिनेट और एक राज्यमंत्री पद का ऑफर भी दिया गया था। इसके मद्देनजर मुंडे औरंगाबाद में एक रैली कर भाजपा को राम-राम कहने की तैयारी कर चुके थे।
गडकरी के भाजपाध्यक्ष पद से हटने के बाद वे फिर महाराष्ट्र में सक्रिय हुए और लोकसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाई।