'लड़की से नहीं हुआ रेप, सहमति से बने संबंध'
नगालैंड के दीमापुर में पिछले सप्ताह बलात्कार के कथित आरोपी को जेल से खींचकर पीट पीटकर मार डालने की घटना में नाटकीय मोड़ आ गया है।
राज्य सरकार ने केंद्र को भेजी रिपोर्ट में कहा है कि असम के करीमगंज निवासी सैयद शरीफ खान पर आरोप लगाने वाली लड़की के साथ कोई रेप नहीं हुआ था बल्कि दोनों ने सहमति से दो बार संबंध बनाए।
इस बीच पिटाई और हत्या की इस घटना में शामिल चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में अब तक 47 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि शरीफ खान ने 24 फरवरी को अपनी गिरफ्तारी के बाद पुलिस को दिए बयान में कहा था कि उसने कथित रेप पीड़िता से दो बार आपसी सहमति से संबंध बनाए थे और उसे 5000 रुपये दिए थे।
लड़की मर्जी से गई थी आरोपी के साथ
रिपोर्ट के अनुसार, खान ने पुलिस को यह भी बताया कि लड़की अपनी मर्जी से उसके साथ गई थी और संबंध बनाने के बाद ज्यादा पैसों की मांग कर रही थी। इसके कुछ समय बाद ही उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो गई।
नगालैंड सरकार की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए गृहमंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि ‘ऐसा लगता है कि यह रेप की घटना नहीं थी बल्कि इसमें सहमति से संबंध बनाए गए थे।’
24 फरवरी को गिरफ्तारी के बाद दीमापुर जेल में बंद शरीफ खान को पांच मार्च को भीड़ ने जेल से जबरन बाहर निकाला और उसकी पीट-पीटकर हत्या करने के बाद शव चौराहे पर लटका दिया था।