चलती बस के टूटे फ्लोर से गिरी बच्ची, मौत
गांव बनवारीपुर के निकट चलती बस के टूटे फ्लोर से गिरी मासूम बच्ची की कुचलकर मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने जहांगीराबाद-अहार मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया।
सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सीओ अनूपशहर ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया। उधर, चालक बस छोड़कर भाग गया, जबकि परिचालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
ऊंचागांव निवासी विक्रम सिंह पत्नी रजनी और पुत्री माही (3) के साथ गांव सिकोही में रिश्तेदार के यहां आए थे। शाम चार बजे घर लौटते समय विक्रम बुलंदशहर-अहार रूट पर चलने वाली प्राइवेट बस में बैठे थे।
पिछले पहियों से कुचलकर बच्ची की मौत
विक्रम परिवार के साथ पीछे टायरों के ऊपर वाली सीट पर बैठे थे। विक्रम ने बताया कि बनवारीपुर के पास कंडक्टर से टिकट ले रहे थे तभी माही बस के टूटे फ्लोर से नीचे गिर गई। जब तक बस रुकवाई तब तक पिछले पहियों से कुचलकर उसकी मौत हो गई।
बच्ची का शव देखते ही चालक बस छोड़कर भाग गया। हादसे के बाद मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। इसी बीच बस में सवार यात्रियों ने परिचालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
गुस्साए ग्रामीणों ने जहांगीराबाद-अहार मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया। सूचना पर आननफानन पहुंचे एसडीएम और सीओ ने बस को थाने में खड़ा करवा दिया है। परिजनों ने आरोपी चालक और बस मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।