पीके: शूटिंग के लिए मंदिर-चर्च को दिया गया था गिफ्ट
फिल्म निर्माण के दौरान आमिर खान और राजकुमार हीरानी की टीम ने मंदिर और चर्च वाले दृश्यों को जहां-जहां फिल्माया वहां दान में नकदी और उपहार दिए गए।
फिल्म की टीम ने मंदिर में फिल्म की शूटिंग के बाद मंदिर ट्रस्ट को दान स्वरूप 25 हजार रुपये भेंट किए, जबकि जहां चर्च के दृश्यों की शूटिंग हुई उस चर्च को क्रूसफिक्स (सलीब में ईसा मसीह का चित्र) भेंट किया गया।
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार फिल्म की शूटिंग देशभर में कई हिस्सों में हुई। जिनमें से धार्मिक स्थलों में भी काफी दृश्य फिल्माए गए। मंदिर वाले सीन की शूटिंग नासिक के कालाराम मंदिर में हुई थी, जहां शूटिंग के बाद फिल्म निर्माता राजकुमार हिरानी ने मंदिर प्रबंधन के ट्रस्ट को 25 हजार रुपय दान के रूप में भेंट किए।
मंदिर को 25 हजार, चर्च को दिया क्रूसफिक्स
मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी सुधीर पुजारी के अनुसार फिल्म की क्रू कुछ दिनों की शूटिंग के लिए नासिक में रुकी थी। इस दौरान हमारे मंदिर परिसर में दो दिन की शूटिंग की गई। जिसके बाद उन्होंने हमें दान दिया जिसकी रसीद भी हमसे ली गई। सुधीर के अनुसार फिल्म में उस हिस्से की शूटिंग हुई जिसमें आमिर खान मंदिर में लेट-लेट कर पलटियां मारते हुए भगवान को मनाने का प्रयास करते हैं।
इसके अलावा फिल्म में एक सीन है जिसमें आमिर खान पूजा की थाली लेकर एक चर्च में पहुंच जाते हैं। इस सीन की शूटिंग जयपुर के आल सेंट्स चर्च में हुई। चर्च के पदाधिकारी जेसी जोसेफ ने बताया कि फिल्म में एक सीन फिल्माया जाना था जिसमें क्रूसफिक्स के सामने आमिर को नारियल तोड़ना था।
हमें जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्हें चर्च के अंदर यह सीन करने से मना कर दिया गया। जिसके बाद इस सीन में बदलाव कर दिया गया। बाद में उन्होंने बाकी दृश्यों की शूटिंग चर्च में की।
उन्होंने बताया कि शूटिंग के बाद फिल्म निर्माता ने उन्हें चर्च के मेंटीनेंस के लिए 20 हजार रुपये देने की पेशकश की। लेकिन चर्च किसी भी तरह का चंदा स्वीकार नहीं करता है इसलिए बाद में निर्माता ने चर्च को एक क्रूसफिक्स भेंट किया, जिसे मुंबई से खरीदा गया था।