{"_id":"428b2be6-776f-11e2-8deb-d4ae52bc57c2","slug":"geetika-sharma-mother-commits-suicide","type":"story","status":"publish","title_hn":"गीतिका के बाद अब मां अनुराधा ने की खुदकुशी","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
गीतिका के बाद अब मां अनुराधा ने की खुदकुशी
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Sat, 16 Feb 2013 05:36 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एयर होस्टेस गीतिका शर्मा मामले में शुक्रवार शाम को उस समय बड़ा मोड़ आ गया, जब गीतिका शर्मा की मां अनुराधा शर्मा (52) ने खुदकुशी कर ली। गीतिका शर्मा की खुदकुशी के करीब पौने छह महीने बाद अनुराधा शर्मा ने भी उसी कमरे और उसी पंखे से लटकर खुदकुशी की, जिस पंखे से लटककर गीतिका शर्मा ने खुदकुशी की थी।
विज्ञापन
पुलिस को मौके से करीब दो पेज का सुसाइड नोट मिला है। इस सुसाइड नोट में भी गोपाल कांडा और उनकी कंपनी के लोगों पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। इससे गीतिका शर्मा खुदकुशी मामले में जेल में बंद हरियाणा के पूर्व गृहमंत्री और एमडीएलआर कंपनी के मालिक गोपाल कांडा व उसकी कर्मचारी अरुणा चड्ढा की मुसीबतें और बढ़ गई हैं।
विज्ञापन
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया है। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया लिया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना हैं कि गीतिका शर्मा के पिता दिनेश शर्मा शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे अशोक विहार स्थित अपने घर पहुंचे।
विज्ञापन
दरवाजा अंदर से बंद था। बेल बजाने पर जब गेट नहीं खुला तो दिनेश शर्मा ने इसकी जानकारी पहली मंजिल पर रहने वाले भतीजे गौरव को दी। दरवाजा तोड़कर ये लोग अंदर दाखिल हुए तो सभी सन्न रह गए। अनुराधा शर्मा ने पंखे से लटककर अपनी जान दे दी थी।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि गोपाल कांडा और उसके कर्मचारी लगातार समझौता करने के लिए दबाव बना रहे थे। लगातार धमका भी रहे थे। साथ ही गीतिका की खुदकुशी के बाद अनुराधा शर्मा मानसिक तनाव में रहने लगी थी। खुदकुशी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस में हड़कंप मच गया। जिला पुलिस उपायुक्त पी. करुणाकरण समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पहुंच गए थे।
गौरतलब है कि पिछले साल अगस्त में एयर होस्टेस गीतिका शर्मा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। गीतिका शर्मा ने सुसाइड नोट में गोपाल कांडा व उनके कर्मचारियों पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। हालांकि पुलिस अधिकारियों का ये भी कहना है कि परिजनों की तरफ से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है।
अनुराधा की खबर टेलीविजन पर देखता रहा कांडा
तिहाड़ में बंद गोपाल कांडा गीतिका की मां की आत्महत्या की खबरें टेलीविजन पर देखता रहा। अनुराधा की आत्महत्या की खबर देखकर वह खासा परेशान है। उसकी चिंता बढ़ गई है, लिहाजा तिहाड़ जेल में गोपाल कांडा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
आत्महत्या की खबर जैसे ही टेलीविजन पर प्रसारित हुई, तिहाड़ जेल में लगे टेलीविजन सेट पर कैदियों की निगाहें टिक गईं। जेल प्रवक्ता सुनील गुप्ता ने बताया कि कांडा जेल संख्या एक के वार्ड में बंद है। आमतौर पर उस वार्ड में सुरक्षा का खास इंतजाम होता है। लेकिन ऐसी घटनाओं के बाद सुरक्षाकर्मियों और जेल कर्मियों को विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी जाती है।
अनुराधा खुदकुशी मामले में मामला दर्ज
अनुराधा शर्मा की आत्महत्या को लेकर उत्तर-जिला पुलिस ने देर रात भारत नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया है। उत्तर-पश्चिमी जिले के उपायुक्त पी. करुणाकरन ने इसकी पुष्टि कर दी है। उन्होंने बताया कि आईपीसी की धारा 306 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अनुराधा ने सुसाइड नोट में अप्रत्यक्ष रुप से गोपाल कांडा और उनकी कंपनी की एचआर मैनेजर अरुणा चड्ढा को जिम्मेदार ठहराया है।
वहीं, दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) दीपक मिश्रा ने बताया कि अगर जरूरत पड़ी तो एमडीएलआर कंपनी के मालिक गोपाल कांडा को पूछताछ के लिए रिमांड पर लाया जा सकता है। जांच के बाद और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। पुलिस ने शव को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में रखवा दिया है। शनिवार पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
कांडा पर और कसेगा शिकंजा
गीतिका शर्मा के बाद उसकी मां अनुराधा की खुदकुशी ने पूरे मामले को उलझा दिया है। बेशक गोपाल कांडा व अरुणा चड्ढा जेल में हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी परेशानी और बढ़नेवाली है। इस बार भी खुदकुशी के लिए मजबूर करने का आरोप इन दोनों पर ही लग रहे हैं।
गीतिका शर्मा खुदकुशी मामले में सात माह से जेल में बंद कांडा व अरुणा के बाहर निकलने का रास्ता फिर बंद हो गया है। कांडा व अरुणा की जमानत अर्जी जिला अदालत व हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी है।
दोनों के खिलाफ रोहिणी के जिला जज एस के सरवरिया की अदालत में विचाराधीन मामले की सुनवाई 22 फरवरी को होगी। एसीएमएम डी के जंगाला की कोर्ट में चनशिवरूप मामले की सुनवाई शुक्रवार को थी। अब इसकी सुनवाई 19 फरवरी को होगी।