UP: बदमाशों ने सिपाही को मारी गोली
खुद को पुलिस से घिरा पाकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। दो गोलियां 27 वर्ष के सिपाही दीपक कुमार के पेट में जा लगीं और वह गिर पड़ा। मौके पर मौजूद सिपाहियों ने उसे तो संभाला ही, दोनों बदमाशों को भी दबोच लिया।
सिपाही को लगी दो गोलियां
बदमाशों के पास से दो पिस्टल बरामद हुए हैं। घायल सिपाही को आधी रात जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। रात में ही उसका आपरेशन किया गया।
स्वॉट टीम जिन दो बदमाशों की तलाश में गई थी, वह पिपरी थाना क्षेत्र में लूट और हत्या के मामले में वांछित थे। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद से दोनों पुलिस के हाथ में नहीं आ रहे थे।
फरार बदमाशों पर इनाम घोषित
इस पर आईजी जोन ने अतीक और मिथुन के ऊपर 15 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। स्वॉट टीम को खबर मिली थी कि मिथुन अपने साथी अतीक के साथ अपने नैनी के चाका स्थित घर पर आया हुआ है।
इसकी जानकारी पुलिस को मिथुन के दो साथियों के पकड़ में आने के बाद मिली थी। इसी के आधार पर पुलिस हिरासत में लिए गए दो युवकों के साथ रात में 11 बजे उसके घर पहुंची।
पुलिस को देखते ही की फायरिंग
पुलिस ने भी जवाबी फायर किया। मिथुन और अतीक अंदर भागे तो दीपक को वहां से हटाया गया। कई राउंड की फायरिंग के बाद पुलिस घर के भीतर घुसी और पीछे से भागने की कोशिश कर रहे मिथुन और अतीक को दबोच लिया।
पुलिस दोनों को नैनी थाने ले आई। घर पर मिथुन की पत्नी कमलेश भी अपने छोटे बच्चे के साथ थी। उसे हिरासत में ले लिया गया है।
अस्पताल में भर्ती सिपाही
सिपाही के जख्मी होने की खबर मिलते ही एसएसपी मंजिल सैनी, एसपी सिटी राजेश यादव, एसपी क्राइम एके पांडेय, सीओ तृतीय नीति द्विवेदी, एसओ कीडगंज रविभूषण श्रीवास्तव समेत कई थानों की पुलिस अस्पताल पहुंच गई।
गोली निकालने के लिए रात में ही घायल सिपाही का आपरेशन किया गया। दीपक मूलरूप से गोरखपुर का रहने वाला है और कुछ ही वर्ष पहले उसकी भर्ती हुई थी।