यूपीः दलित किशोरी से 'निर्भया' जैसी दरिंदगी
इलाहाबाद के अतरसुइया थाना क्षेत्र की मानसिक रूप से कमजोर 14 वर्षीय दलित किशोरी के साथ दिल्ली जैसी दरिंदगी की गई। हैवानों ने रविवार रात नशीला पदार्थ खिलाने के बाद किशोरी से गैंगरेप किया और गला घोंट दिया। किशोरी का शव सोमवार को मीरापुर में एमएल कान्वेंट स्कूल के पास खड़े दो टेंपो के बीच पड़ा मिला।
खून से लथपथ शव देखकर मोहल्ले के लोग सन्न रह गए और पुलिस को खबर दी गई। पुलिस पहले तो ठंड से मौत का दावा करती रही लेकिन मोहल्ले के लोगों के दबाव में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शाम को जब रिपोर्ट आई तो पुलिस बैकफुट पर आ गई।
दो डॉक्टरों के पैनल ने आशंका जताई है कि किशोरी के साथ रेप करने वालों की संख्या पांच या इससे अधिक भी हो सकती है। किशोरी के साथ इस कदर दरिंदगी की गई थी कि उसका गर्भाशय फट गया था। किशोरी के पिता रिक्शा चलाकर परिवार का पेट पालते हैं। मां भी दूसरों के घरों का छोटा मोटा काम करती है।
दरिंदगी इतनी कि फट गया गर्भाशय
तीन भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर की किशोरी की मानसिक स्थिति कुछ ठीक नहीं थी। वह पांच दिन से अपने घर से गायब थी। सोमवार सुबह उसके मौत की खबर मोहल्ले के एक दुकानदार के माध्यम से घर तक पहुंची।
शव को दो टेंपो के बीच दीवार से टिकाकर रखा गया था। अतरसुइया के रहने वाले अरुणकांत तिवारी जब टेंपो को बैक करने लगे तो शव आगे गिर पड़ा। किशोरी के मुंह से झाग निकल रहा था और गले को दुपट्टे से कस दिया गया था। गले पर चोट के निशान थे लेकिन हड्डी नहीं टूटी थी।
किशोरी को कौन सा नशीला पदार्थ खिलाया गया था, यह पता लगाने के लिए बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया है। रेप की पुष्टि के लिए शव से मिले नमूने की स्लाइड बनाई गई है और उसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
वहीं एसएसपी दीपक कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। एफआईआर दर्ज कर दोषियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की कोशिश की जाएगी।