{"_id":"057f7ac7d919467fda414dbdf81cb413","slug":"fourteen-died-in-purvanchal-hindi-news-rk","type":"story","status":"publish","title_hn":"पूर्वांचल में ठंड से 14 लोगों की मौत","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
पूर्वांचल में ठंड से 14 लोगों की मौत
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
Updated Thu, 15 Jan 2015 12:16 AM IST
विज्ञापन
पूर्वांचल में ठंड का कहर जारी है। मंगलवार की शाम से बुधवार की सुबह तक ठंड से 14 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में मिर्जापुर के पांच, बलिया के तीन, भदोही और वाराणसी के दो-दो और चंदौली, गाजीपुर के एक-एक लोग हैं।
विज्ञापन
मिर्जापुर के चितौली गांव निवासी लालमणि दलित (50) मंगलवार की शाम खेत की सिंचाई करने गए थे। इसी दौरान उन्हें ठंड लग गई। घर आने के बाद रात में उनकी मौत हो गई। विंध्याचल थाना क्षेत्र के डेरवा निवासी शिवराम पाल (55) मंगलवार की दोपहर अपने पशुओं को जंगल में चराने ले गए थे। शाम होने पर जंगल में मड़हे में सो गए। बुधवार की सुबह वे मृत मिले। लहंगपुर के मेवड़ी निवासी रामआसरे (58) मंगलवार की शाम शौच के लिए गए थे। इसी दौरान ठंड लग गई और घर आते आते मौत हो गई।
विज्ञापन
कछवां थाना क्षेत्र के कछवां रोड के पास बुधवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति अचेत मिला। पुलिस सीएचसी कछवां ले गई जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जमालपुर निवासी संतु बियार (70) को मंगलवार की रात में ठंड लग गई और बुधवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
बलिया में भीमपुरा थाना क्षेत्र के कलवारी गांव निवासी लखी चंद शर्मा की मंगलवार की रात में मौत हो गई। इब्राहिमपट्टी गांव निवासी कुंवर अमरेंद्र प्रताप सिंह (36) की मंगलवार रात में ठंड से मौत हो गई। बैरिया थाना क्षेत्र के खपड़िया बाबा गेट के समीप ठंड लगने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। भदोही में ज्ञानपुर कोतवाली अंतर्गत बैरा गांव निवासी झिंगलाल सरोज (65) और औराई थाना क्षेत्र के कोइलरा गांव निवासी रामलोलारख (47) की बुधवार को ठंड लगने से मौत हो गई।
वाराणसी के बड़ागांव निवासी नंदू चौहान (80) और देवराज यादव (75) की बुधवार को ठंड से मौत हो गई। चंदौली के कोरमी गांव में बुधवार की सुबह ठंड लगने से शुकला देवी (65) की मौत हो गई। गाजीपुर में जमानिया कोतवाली के कस्बा बाजार स्थित दुर्गा चौक मोहल्ला निवासी (70) राम प्रसाद चौरसिया की बुधवार की सुबह ठंड लगने से मौत हो गई।