{"_id":"9c7ca6978c9899f73243cefc5ae0b9a7","slug":"four-rebel-jdu-mla-sacked-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जदयू के चार और बागी विधायक बर्खास्त","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
जदयू के चार और बागी विधायक बर्खास्त
ब्यूरो/अमर उजाला, पटना
Updated Sat, 27 Dec 2014 09:31 PM IST
विज्ञापन
पार्टी विरोधी गतिविधियों और दलबदल कानून के तहत जदयू के चार और विधायकों को विधानसभा स्पीकर ने शनिवार को बर्खास्त कर दिया। बर्खास्त किए विधायकों अजीत कुमार (कांटी), पूनम देवी (दीघा), राजू सिंह (साहेबगंज) और सुरेश चंचल (सकरा) पर राज्यसभा चुनावों के दौरान क्रॉस वोटिंग के भी आरोप हैं। पिछले एक महीने के भीतर जदयू के कुल आठ विधायकों की सदस्यता खत्म की जा चुकी है।
विज्ञापन
जदयू के मुख्य सचेतक और संसदीय कार्यमंत्री श्रवण कुमार ने स्पीकर से इनकी सदस्यता खत्म करने की मांग की थी। लंबी कार्रवाई के बाद इन चारों को स्पीकर ने बर्खास्त कर दिया। इन्हें पूर्व विधायकों को मिलने वाली सुविधाओं से भी वंचित कर दिया गया है। इससे पहले एक नवंबर को ज्ञानेंद्र्र सिंह ज्ञानू, रवींद्र राय, नीरज बबलू और राहुल शर्मा की सदस्यता भी खत्म कर दी गई थी।
विज्ञापन
श्रवण कुमार ने संकेत दिया है कि यह सूची अभी और लंबी हो सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कुछ और बागियों पर कार्रवाई संभव है। कहा जा रहा है कि पार्टी ने बागी विधायकों की एक नई सूची तैयार की है, जिसे एकाध दिन में स्पीकर के समक्ष आवेदन के साथ रखा जा सकता है।
विज्ञापन
वहीं, स्पीकर के फैसले से बागी विधायक नाराज हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र का गला घोंटने वाला फैसला बताया है। सभी विधायक फैसले की कॉपी मिलते ही हाईकोर्ट का रुख करेंगे। विपक्ष ने भी इस मामले में कड़ी आलोचना की है। भाजपा नेता अरुणा कुमार ने इसे तानाशाही और गैर लोकतांत्रिक फैसला करार दिया है।