{"_id":"add26e76-217c-11e2-9bfd-d4ae52bc57c2","slug":"four-hour-relaxation-in-curfew-in-faizabad","type":"story","status":"publish","title_hn":"फैजाबादः हालात सुधरे, कर्फ्यू में 6 घंटे की ढील","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
फैजाबादः हालात सुधरे, कर्फ्यू में 6 घंटे की ढील
फैजाबाद/ब्यूरो
Updated Mon, 29 Oct 2012 03:35 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिंसा की आग में तीन दिन से झुलस रहे फैजाबाद में यूं तो चौथे दिन कोई वारदात नहीं हुई, लेकिन सतर्कता बरतते हुए प्रशासन ने रविवार को कर्फ्यू में कोई ढील नहीं दी। लेकिन सुधरते हुए हालात के मद्देनजर प्रशासन ने सोमवार को कर्फ्यू में सवेरे 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक ढील देने का फैसला किया है। जिससे जरूरी वस्तुओं जैसे दूध, दवा व साग-सब्जी की आपूर्ति हो सके। स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे, हालांकि सोमवार को वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश है।
विज्ञापन
शनिवार को कर्फ्यू के बीच बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से निपट गया। मुसलिम समुदाय के लोगों ने टाटशाह मसजिद समेत विभिन्न मोहल्लों में स्थित धर्मस्थलों में बकरीद की नमाज अदा की। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। अधिकारियों के साथ केंद्रीय सुरक्षाबलों के जवान मार्च करते नजर आए। एडीजी कानून व्यवस्था के कैंप करने के साथ आईजी, डीआईजी व एसपी स्तर के आला अधिकारियों की भी विशेष ड्यूटी जारी है।
विज्ञापन
जिले में भेजे गए आईजी अनिल अग्रवाल, डीआईजी एटीएस राजीव सब्बरवाल, डीआईजी अमरेंद्र कुमार सेंगर, एसपी सीतापुर दीपक कुमार, एसपी एसटीएफ अमित पाठक अपनी टीमों के साथ स्थिति का जायजा लेते रहे। जिले में कैंप कर रहे एडीजी कानून व्यवस्था जगमोहन यादव ने भी शहर समेत भदरसा का दौरा कर हालात का जायजा लिया है।
विज्ञापन
शुक्रवार की देर शाम पूराकलंदर थाना क्षेत्र के भदरसा कस्बे के आसपास के मोहल्लों व गांवों में आगजनी व पथराव की घटना के बाद शहर क्षेत्र में भी रात भर अफवाहों व आशंकाओं का दौर चला था। चौक स्थित एक स्टेशनरी की दुकान में लगी आग का कारण प्रशासन की जांच में शॉर्ट सर्किट बताया गया है।
शनिवार को एडीजी कानून व्यवस्था जगमोहन यादव ने पत्रकार वार्ता में बताया कि खुफिया दस्तों समेत अन्य एजेंसियों को सक्रिय किया गया है। चौक समेत जिले के अन्य हिस्सों में हुई घटनाओं की जांच व कार्रवाई के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। अभी तक कुल 20 मुकदमे दर्ज हुए हैं। उपद्रवियों के विरुद्ध रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को डीएम दीपक अग्रवाल व एसएसपी रमित शर्मा ने प्रेसवार्ता कर बताया कि दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों के साथ मोहल्लों में भी बैठक कर सौहार्द्र व शांति बहाली की अपील की। बैठकों में दोनों समुदाय के लोगों ने घटना को कुछ अराजक व असामाजिक तत्वों की हरकत करार दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि हालात सामान्य होने के मद्देनजर कर्फ्यू में क्षेत्रवार छूट दिए जाने पर विचार चल रहा है। कैंप कर रहे वरिष्ठ अधिकारियों की सहमति पर इसे लागू किया जाएगा। सहकारी समितियों के चुनाव को स्थगित करने, पीड़ितों को तदर्थ आर्थिक सहायता दिए जाने के लिए रिपोर्ट शासन को प्रेषित की गई है। घटनाओं में भदरसा से 32 समेत शहर व अन्य इलाकों से 49 लोगों की गिरफ्तारी की गई है, जबकि 24 लोग पूछताछ के लिए हिरासत में हैं। भदरसा कस्बे में दो एसडीएम, तीन बीडीओ के अलावा अतिरिक्त पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है।