यूपी में 4 बवाल, पथराव, फायरिंग, तोड़फोड़, तनाव
यूपी के बड़ौत में लाउड स्पीकर के विरोध को लेकर बृहस्पतिवार रात ढोढरा गांव में एक धार्मिक स्थल पर दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव और फायरिंग की। इससे भगदड़ मच गई। फायरिंग में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बड़ौत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सूचना पर एसपी और कई थानों का पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
देर शाम करीब साढ़े सात बजे गांव के एक धार्मिक स्थल पर लोग लाउड स्पीकर पर चंदा के ऐलान कर रहे थे। धार्मिक स्थल के सामने ही दूसरे समुदाय के आदमी का मकान है। वह पहले से ही धार्मिक स्थल पर माइक से ऐलान किए जाने का विरोध करता आ रहा था। लेकिन, धार्मिक स्थल वाले समुदाय के लोग नहीं माने। देर रात फिर धर्म स्थल से माइक पर चंदे का ऐलान किया गया तो दूसरे समुदाय के आदमी ने इसका विरोध किया। मना करने पर जब माइक बंद नहीं हुआ तो धार्मिक स्थल पर पथराव शुरू हो गया और गांव के दूसरे समुदाय के लोग एकत्रित हो गए। कुछ लोगों ने जमकर फायरिंग की।
जब पथराव और फायरिंग हो रही थी तो धार्मिक स्थल के अंदर 10-12 लोग मौजूद थे। उन्होंने इधर-उधर भागकर जान बचाई। इस हमले में तीन घायल हो गए। सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी जेके शाही, एएसपी विद्या सागर मिश्र, सीओ बड़ौत सीपी सिंह, सीओ रमाला राहुल मिठास, कई थानों का पुलिस बल और पीएसी गांव पहुंची। तीनों घायलों को बड़ौत निजी अस्पताल भिजवाया। साजिद की हालत गंभीर बनी हुई है। देर रात रात तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। सीओ सीपी सिंह का कहना है कि गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। धार्मिक स्थल के सामने रहने वाले आदमी और गांव के ही एक और युवक को हिरासत में ले लिया गया है। संभावित आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
सिकंदराराऊ में मामूली बात पर मारपीट, तोड़फोड़
हाथरस में सिकंदराराऊ नगर के मोहल्ला मटकोटा में गुरुवार की सुबह मोहल्ले में निर्माणाधीन मकान की निर्माण सामग्री पर ढकेल का पहिया चढ़ने के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामले ने सांप्रदायिक रूप ले लिया। एक बार मारपीट होने के बाद एक पक्ष के कई लोग आ गए और उन्होंने घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ कर दी। झगड़े में एक महिला समेत कई घायल हो गए। सूचना पर कोतवाली निरीक्षक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीएम और सीओ भी पीएसी के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने दोनों पक्ष के एक-एक व्यक्ति का धारा 151 में चालान किया है।
बता दें कि मोहल्ले में एक समुदाय के आदमी का मकान बन रहा है। निर्माण सामग्री के मसाले पर एक ढकेल का पहिया चढ़ गया। इसे लेकर कहासुनी हो गई और कुछ लोगों ने ढकेल वाले को पीट दिया। ढकेल पर दूसरे समुदाय के आदमी का माल लदा था। उसने आकर विरोध किया तो बात और बढ़ गई। मामले ने उग्र रूप ले लिया। सूचना पर पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया और हालात को नियंत्रण में करने लगा। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोग आ गए और जिसका माल था, उसके घर में घुस गए। महिलाओं समेत जो भी मिला, उसके साथ मारपीट की गई।
पुलिस बल के सामने मारपीट की गई थी, लेकिन हमलावरों की तादाद ज्यादा होने के कारण पुलिस कुछ भी नहीं कर सकी। मामला और ज्यादा बढ़ता, इससे पूर्व एसओ वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों में बीच-बचाव किया। यहीं पर व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय और गिरीश चंद्र पटेल भी पहुंच गए। भाजपा नगर अध्यक्ष नीरज वैश्य की पुलिस कर्मियों से तीखी नोक-झोंक हो गई। सूचना पर एसडीएम और सीओ भी पहुंच गए। उन्हें बताया गया कि किस तरह मारपीट हुई। एसडीएम एनपी पांडेय ने जांच के बाद कहा कि सड़क पर लेंटर बहुत ज्यादा बढ़ा लिया गया है। इसको तुड़वाया जाएगा। घर में घुसकर मारपीट से अंदर रखा सामान टूट गया। काफी देर तक गहमा-गहमी के बाद मामला शांत हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के एक-एक आदमी को हिरासत में लिया। दोनों को धारा 151 के तहत चालान कर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
कुर्की करने गई पुलिस पर हमला, गाड़ियां तोड़ी
मुरादाबाद के रामपुर में जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपियों की कुर्की करने पहुंची पुलिस पर लोगों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने पुलिस के तीन वाहनों में तोड़फोड़ की, जिससे पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। बाद में पहुंची पुलिस और पीएसी ने हंगामा और तोड़फोड़ करने वालों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और पुलिस ने कार्रवाई पूरी की। मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस ने मामले में 11 लोगों को नामजद और इतने ही अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम किया है।
सीओ सिटी आले हसन के नेतृत्व में शहर कोतवाली समेत कई थानों की फोर्स गुरुवार सुबह 11 बजे घेर मर्दान खां स्थित जानलेवा हमले के आरोपी जकील के घर पहुंची और कुर्की की कार्रवाई शुरू की। कुछ लोगों ने कुर्की का विरोध किया और पथराव शुरू कर दिया। पुलिस की तीन जिप्सी क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। जानकारी आला अफसरों को दी। सूचना मिलने के बाद एएसपी अशोक कुमार वर्मा पीएसी के साथ पहुंच गए। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को दौड़ा लिया। जहां भी जो दिखा उसे पीटा। अफसरों ने अपनी देखरेख में सातों आरोपियों के घर कुर्की की गई। पुलिस ने जकील के बेटे ईशान को पकड़ लिया। देर शाम तक फोर्स तैनात कर दी गई थी। पुलिस ने 11 लोगों को नामजद करते हुए इतने ही अज्ञात के खिलाफ पुलिस पर हमला करने, तोड़फोड़ करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा कायम किया गया है।
सिपाहियों पर हमले के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की। विरोध करने वाली महिलाओं को भी दौड़ा लिया। महिला पुलिस बल ने कई महिलाओं को गाड़ी में बिठाना शुरू कर दिया, तो फिर विरोध शुरू हो गया। कई महिलाओं से बदसलूकी की गई। पुलिस कार्रवाई के बाद घेर मर्दान खां में दहशत का माहौल कायम है। यहां लोग घरों में दुबक गए। इस दौरान काफी देर तक यहां हंगामा हुआ। पुलिस के मुताबिक जानलेवा हमले के मामले में नौ आरोपी 2013 दिसंबर से फरार चल रहे हैं। वारंट जारी होने के बाद आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। इसके बाद कोर्ट ने कुर्की के आदेश जारी किए थे।
एएसपी अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि कोर्ट का आदेश मिलने के बाद आरोपियों के घर की कुर्की करने पुलिस पहुंची थी, जहां लोगों ने पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत किया। फिलहाल शांति है। मौके पर पुलिस तैनात कर दी है। तोड़फोड़ के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम करा दिया गया है। सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी।
पथराव व फायरिंग से मची भगदड़, गाड़ियां तोड़ी
झांसी में रक्सा के कोट खैरा गांव में जेसीबी मशीन लेकर जमीन पर कब्जा करने पहुंचे लोगों का ग्रामीणों से जमकर संघर्ष हुआ। पथराव व फायरिंग हुई। इस दौरान ग्रामीणों को हावी होता देख जमीन पर कब्जा के लिए घर ध्वस्त करने का मंसूबा पाले लोग उल्टे पांव भाग लिए। इस दौरान ग्रामीणों ने पथराव करके चार गाड़ियों को तोड़ दिया। खेत में रखी कुर्सियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक समेत चार वाहनों व अन्य सामान को कब्जे में ले लिया है।
नवाबाद थानांतर्गत सिविल लाइन निवासी एक व्यक्ति ने गांव कोट खैरा निवासी दो भाइयों से जमीन खरीदी है। जमीन पर कब्जा करने के लिए गुरुवार की दोपहर में वह आधा दर्जन वाहनों में करीब डेढ़ दर्जन सशस्त्र लोगों को लेकर गांव पहुंचा। वहां पहुंचकर उन्होंने खेत पर बैठने के लिए तख्त डलवाया। करीब एक दर्जन कुर्सियां भी रखवाईं। इसके बाद इन लोगों ने चूना डालकर जमीन चिह्नित की। खेत से सटे करीब आधा दर्जन मकान भी इन लोगों ने चिह्नित किए। ग्रामीणों के अनुसार यह लोग इन मकानों को ध्वस्त करना चाहते थे। इसका विरोध किया गया।
आरोप है कि इस पर इन लोगों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इससे गांव में दहशत फैल गई। लोग अपने घरों की ओर भागे। फायरिंग की सूचना आनन फानन में पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए। अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे चिह्नित मकानों को ध्वस्त करने के लिए जेसीबी गांव में घुसी तो गुस्साए ग्रामीणों ने मोर्चा बंदी कर पथराव शुरू कर दिया। इस पर चालक जेसीबी को लेकर उल्टे पांव भागा। कब्जा करने पहुंचे लोगों ने भी फायरिंग की। जवाब में ग्रामीणों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पथराव व ताबड़तोड़ फायरिंग से कब्जा लेने सशस्त्र लोगों को पैर उखड़ गए। वह लोग उल्टे पांव भागे।
इसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर खड़े मिले वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। खेत में रखी कुर्सियों को भी तोड़ डाला। मौके पर पहुंची पुलिस को देख ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मिली क्षतिग्रस्त बाइक समेत चार वाहनों को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि रात तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर थाने पर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।