मोदी, सनी लियोनी के नाम पर फर्जीवाड़ा
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और बॉलीवुड स्टार सनी लियोन का फर्जी जाति व निवास प्रमाणपत्र बनवाने की कोशिश यहां एक लोकवाणी केंद्र पर की गई।
मामले का खुलासा होने के बाद लोकवाणी केंद्र संचालक पर रिपोर्ट दर्ज करने की संस्तुति की गई है। साथ ही तहसीलदार ने लोकवाणी केंद्र को भी निरस्त करने की बात कही है। फिलहाल केंद्र संचालक से जवाब तलब किया गया है।
सनी लियोन पुत्री बेनामी लियोन!
तहसीलदार एके अंबष्ट ने बताया कि केंद्र संचालक ने ऑनलाइन सिस्टम का दुरुपयोग करते हुए चंपा रानी पुत्री शेर सिंह, निवासी गांव चचरई के नाम से नरेंद्र मोदी का फोटो लगाकर जाति और निवास प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदन कराया।
दूसरा आवेदन अभिनेत्री सनी लियोन पुत्री बेनामी लियोन पता तंग गली, बंबई, तहसील अनूपशहर के नाम से उन्हीं की फोटो लगाकर प्रमाणपत्र बनवाने के लिए किया गया।
लोकवाणी केंद्र संचालक के खिलाफ होगी एफआईआर
तहसीलदार ने बताया कि इसी लोकवाणी जन सुविधा केंद्र संचालक ने इसके साथ अन्य आठ प्रमाण पत्रों पर खुद लेखपालों की फर्जी जांच रिपोर्ट लगाकर प्रमाणपत्र जारी करने के लिए उन्हें प्रस्तुत किया।
लेखपालों से परीक्षण कराने पर पता चला कि उनके फर्जी हस्ताक्षर करके आख्या पेश की गई है। तहसीलदार ने लोकवाणी केंद्र को निरस्त करने व संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की एसडीएम को संस्तुति की है।
एसडीएम इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि तहसीलदार की रिपोर्ट पर केंद्र संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। दोषी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।