वाराणसी: माशूका के लिए एक करोड़ की चोरी
वाराणसी में माशूका के लिए करीब एक करोड़ की चोरी करने के आरोपी गोपाल कुमार हेला को लंका पुलिस ने गुरुवार को नरिया से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से साढ़े 44 हजार रुपये नगद और एक कीमती मोबाइल बरामद किया है।
उसकी निशानदेही पर एक सराफ के यहां से 22 लाख रुपये के गहने भी बरामद किए गए हैं। बाकी माल की बरामदगी नहीं हो सकी है। चोरी के गहने खरीदने वाले सराफ को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में दो और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मामले का खुलासा एसपी सिटी सुधाकर यादव ने गुरुवार को अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर किया।
एसपी सिटी ने किया मामले का खुलासा
उन्होंने बताया कि लंका क्षेत्र के साकेत नगर निवासी सराफा कारोबारी राजेंद्र कुमार सरावगी विगत एक सितंबर को परिवार के साथ अपनी बेटी के यहां शादी समारोह में गए थे। अगली सुबह लौटे तो घर के ताले टूटे मिले। राजेंद्र ने पुलिस को गहने चोरी होने की सूचना दी। चोरी हुए गहनों की कीमत एक करोड़ रुपये आंकी गई थी।
छानबीन में इलाहाबाद के चौक थाना क्षेत्र के करमबला के मूल निवासी गोपाल कुमार हेला, वाराणसी के अस्सी निवासी जित्तू गौड़ और भदैनी निवासी आकाश की चोरी में संलिप्तता सामने आई। गोपाल लंका क्षेत्र के करौंदी में किराए के मकान में रहता है। मुखबिर की सूचना पर एसओ लंका विनोद यादव ने टीम के साथ गोपाल को गुरुवार को नरिया तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में गोपाल ने बताया कि वह लंका की रहने वाली एक लड़की को चाहता है।
माशूका को महंगा मोबाइल गिफ्ट करने और उसके शौक पूरे करने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई थी। चुराए गए गहने उसने साथियों के साथ बांट लिए थे। कुछ गहने चौखंभा निवासी विजय सेठ को बेचे गए थे। पुलिस ने विजय सेठ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 22 लाख के गहने बरामद कर लिए हैं। बाकी माल की बरामदगी की पुलिस कोशिश कर रही है। चोरी का खुलासा करने पर वाराणसी नगर उद्योग व्यापारी मंडल की ओर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम मिश्रा ने पुलिस को 51 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।