सड़क हादसे में गई 5 लोगों की जान, 5 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फतेहपुर से पशुओं की खरीदारी करने के लिए आए पांच पशु व्यापारियों की मंगलवार दोपहर भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। व्यापारियों की बोलेरो नवाबगंज चौराहे पर साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई।
इस बीच सामने से आ रहे टैंकर ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। इससे बोलेरो सड़क किनारे ठेलिया से टकराते हुए खड्ड में पलट गई। हादसे में तीन व्यापारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल इलाहाबाद में दम तोड़ दिया।
ठेलेवाले समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के बाद ड्राइवर व खलासी ट्रैंकर छोड़कर भाग निकले। पुलिस टैंकर को थाने उठा लाई है। पीड़ितों की तरफ से मिली तहरीर पर ड्राइवर व खलासी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
पशुओं की खरीदारी करने आए थे
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कुसुआपुर बाजार में पशुओं की खरीदारी के सिलसिले में मंगलवार को फतेहपुर के हथगाम निवासी नौ व्यापारी बोलेरो से आए थे। दोपहर करीब दो बजे सभी लौट रहे थे। नवाबगंज चौराहे के पास सामने अचानक एक साइकिल सवार बोलेरो के सामने आ गया।
उसे बचाने के लिए चालक दिलशाद ने तेजी से ब्रेक लगाया। इससे अनियंत्रित होकर गाड़ी दूसरी साइड में चली गई। तभी कुंडा से ऊंचाहार जा रहे तेज रफ्तार टैंकर ने बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। इससे गाड़ी दूसरी तरफ खड़े फल के ठेले से टकराते हुई गड्ढे में चली गई।
हादसे के बाद आसपास रहे लोग शोर मचाते हुए दौड़े तो ट्रैंकर के ड्राइवर और खलासी वहां से भाग निकले। लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए बोलेरो में सवार लोगों को बाहर निकाला।
ये हैं मरने वालों के नाम
इसमें फतेहपुर के हथिगाम निवासी लाला (45) पुत्र इरशाद, अनवर (40) पुत्र हबीब, मोहीद (55) पुत्र रज्जब की मौत हो चुकी थी। उधर शमी अहमद (32) पुत्र हबीबउल्ला, दिलशाद (36) मो.हबीब, महमूद आलम उर्फ मंगरू (30) पुत्र रमजान, गुफरान (40) पुत्र अब्दुल सलाम, मोहम्मद नौशाद (30) पुत्र हबीब, हसनैन उर्फ बाबूजी (35) पुत्र हारुन गंभीर रूप से घायल थे।
वहीं दूसरी परियावां निवासी ठेले वाले संजय सोनकर (28) पुत्र ननकऊ सोनकर को भी गंभीर चोटें आईं। लोगों ने पुलिस की मदद से सभी को कुंडा सीएचसी भेजवाया, जहां हालत गंभीर होने के कारण संजय को छोड़कर सभी को इलाहाबाद के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एसआरएन में इलाज के दौरान गुफरान और मोहम्मद नौशाद ने भी दम तोड़ दिया। उधर, पुलिस ने मौके से टैंकर को कब्जे में ले लिया और वहीद पुत्र अब्दुल जब्बार की तहरीर पर टैंकर ड्राइवर व खलासी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पुलिस ने बोलेरो की तलाशी ली तो उसमें रखे बैग में 50 हजार की नकदी मिली। इसके साथ ही मृतकों की तलाशी में भी 22 हजार रुपये के साथ कई मोबाइल मिले। जानकारी पर पहुंचे मृतकों और घायलों के परिजनों को यह पैसा और मोबाइल पुलिस ने सौंप दिया।