भीषण सड़क हादसे में 5 की मौत, 16 गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देवरिया से गोरखपुर आ रही प्राइवेट बस मोतीराम अड्डे के पास अंसारी टोला में एक ट्रैक्टर-ट्राली से टकराने के बाद सामने से आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस से जा भिड़ी। हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि 16 लोग गंभीर हालत में हैं। हादसे से गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर दो घंटे तक गाड़ियों की आवाजाही बंद रही।
हादसा मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे हुआ। देवरिया से आ रही बस में लगभग 40 लोग सवार थे। मुसाफिरों ने बताया कि देवरिया से ही तेज रफ्तार में बस दौड़ा रहे ड्राइवर ने टोकने पर भी स्पीड कम नहीं की। फुटहवां के पास से गुजरते समय बस की चपेट में आया एक बाइक सवार बाल-बाल बचा। करीब एक किलोमीटर आगे दुबियारी पुल के पास एक और बाइक सवार को चपेट में लेने के बाद बस बेकाबू हो गई और थोड़ा आगे बढ़ने के बाद मोतीराम अड्डे के पास अंसारी टोला पार करते समय सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। मुसाफिरों ने बताया कि रफ्तार इतनी तेज थी कि ट्राली से टकराने के बाद भी बस रुकी नहीं और सामने से आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस से भिड़ गई।
हादसे से निजी बस में बैठे 26वीं वाहिनी गोरखपुर में पीएसी के जवान और पुरैना (देवरिया) के रहने वाले प्रदीप शुक्ला (45), चौरीचौरा के धर्मेंद्र कुमार (29) और एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रॉली पर सवार गहिरा गांव निवासी राजकिशोर (30) व एक अन्य की इलाज की कोशिशों के बीच जान चली गई। निजी बस में सवार गोरखपुर के नौ, देवरिया के सात लोग घायल हुए हैं। जिला प्रशासन ने शासन के हवाले से मरने वालों के परिवार को दो लाख, गंभीर घायल को 50 हजार और कम जख्मी को 20 हजार मुआवजा देने की घोषणा की है।
घायलों की सूची
- सरिता श्रीवास्तव (40) पत्नी सुशील, रोनियारी (देवरिया)
- अजय बघेल (35), अहिरौली, भाटपार (देवरिया)
- मोहनलाल गुप्ता (28), रनिहवा, रुद्रपुर (देवरिया)
- भोलू यादव (16), लक्ष्मीपुर (देवरिया)
- हरिशंकर तिवारी (50), भटनी (देवरिया)
- सुरेंद्र चौहान (30), रामपुर कारखाना (देवरिया)
- मुन्नी (35) पत्नी पारस, भासकराली (देवरिया)
- श्रीकांत जायसवाल (28), रानीडीहा, खोराबार
- संजय यादव (26), डुमरी खुर्द (चौरी चौरा)
- अशोक (22), दुबियारी, मोतीराम अड्डा
- श्रवण कुमार (30), गहिरा, भूमिहारी टोला, झंगहा
- पन्नेलाल (28), कुसम्ही, खोराबार
- संतोष (28), गुलरिहा बाजार
- रितु तिवारी (16), बहादुरपुर, बेलघाट
- सत्यभामा (40), पत्नी प्रदीप, बहादुरपुर, बेलघाट
- रामशब्द (62), कुसम्ही बाजार
बेकाबू बस पेड़ से टकराई, 20 जख्मी
मुरादाबाद-आगरा हाईवे की सड़क अब तो पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गई। इसके चलते दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं लेकिन विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। मंगलवार सुबह में मुरादाबाद से कुंदरकी आ रही सवारियां से खचाखच भरी मिनी बस हाईवे पर गड्ढों के चलते हुसैनपुर गांव के पास अनियंत्रित हो गई। इस पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस पेड़ से टकरा गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसमें महिलाओं समेत 30 यात्री घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले घायलों को अस्पताल भेज दिया था।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हसीन निवासी सैजना थाना मूंढापांडे, जुल्फेकार निवासी चित्तूपुर और जासमीन निवासी चकफाजलपुर थाना कुंदरकी को पुलिस ने उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। घायल हसीन ने बताया कि चालक तो शीशा तोड़कर कूद गया, जबकि हादसे के बाद बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई थी।
उधर गांगन तिराहे के पास ही एक रोडवेज बस का पिछला टायर फटने से यात्रियों में खलबली मच गई। बस में सवार छात्र ईशान सैफी और इकराम ने बताया टायर फटने की आवाज के साथ यात्रियों में बस उतरने को लेकर आपाधापी मच गई थी।
खस्ताहाल हाईवे के चलते बदला रूट
हाईवे पर बने गड्ढों के चलते अधिकतर वाहन सड़क के किनारे कच्चे रास्ते में चल रहे हैं, जिसके चलते धूल से दो पहिया वाहन चालक परेशान है। कुछ वाहन चालकों ने तो रूट ही बदल दिया, जिसके चलते कुंदरकी से वाया डींगरपुर होते हुए मुरादाबाद-संभल रोड से होकर मुरादाबाद में अधिक दूरी तय करके पहुंच रहे हैं।
दो बाइकों में टक्कर, तीन घायल
क्षेत्र में मैनाठेर-बघी गोर्वधनपुर गांव के संपर्क मार्ग पर दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें एक बाइक पर सवार विनीत और विकास निवासी बघी गोर्वधनपुर और दूसरे बाइक पर सवार वेदप्रकाश निवासी मोहम्मपुर बस्तौर थाना मैनाठेर घायल हो गए, जिनको 108 एंबुलेंस से पीएचसी पहुंचाया गया। विनीत ने बताया वह मैनाठेर से वेल्डिंग काम करने के बाद लौट रहे थे।