SSB में पहली महिला अफसरों की भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में पहली बार ‘कॉम्बैट ऑफिसर’ के तौर पर महिलाओं की नियुक्ति होगी। सरकार ने सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल में महिला अफसरों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
सशस्त्र सीमा बल सीमा पर तैनात देश का दूसरा सबसे बड़ा सैन्य बल है। सैन्य बल के पांच दशक पुराने इतिहास में पहली बार महिला कॉम्बैट अफसरों (लड़ाई में हिस्सा लेने वाली) की नियुक्ति होगी।
महिला अफसरों की नियुक्ति संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) करेगा। इसके तहत महिला उम्मीदवारों को केंद्रीय शस्त्र पुलिस बल यानी सीएपीएफएस की इस साल होने वाली परीक्षा में बैठना होगा। इस साल इस परीक्षा में 136 महिला और पुरुष उम्मीदवारों चयनित किए जाएंगे। अब तक सिर्फ सीआरपीएफ, सीआईएसएफ और बीएसएफ में ही कॉम्बैट अफसरों के तौर पर महिलाओं की भर्ती होती थी।
दूर-दराज के सीमाई इलाकों में भेजा जाएगा
सीमा सशस्त्र बल (एसएसबी) में शामिल होने के बाद इन महिला अफसरों को दूर-दराज के सीमाई इलाकों में भेजा जाएगा। ये अफसर नेपाल और भूटान से लगी खुली सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएंगी।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक एसएसबी में पहली बार 25 साल तक की महिलाओं को सीधे असिस्टेंट कमांडेंट के तौर पर भर्ती किया जाएगा। अगले साल के आखिर तक प्रशिक्षित महिला अफसरों का पहला जत्था तैयार हो जाएगा।
हालांकि चीन सीमा पर तैनात देश के तीसरे बड़े सीमा सशस्त्र बल भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपीएफ) में महिला अफसरों की नियुक्ति अभी नहीं होगी।
अर्द्धसैनिक बलों में 1400 महिलाएं
वर्ष, 2007 में कांस्टेबल के तौर पर महिलाओं की नियुक्ति करने में सबसे पहले एसएसबी ने ही पहल की थी। इसके बाद से टुकड़ियों की कमान पुरुष अफसरों के हाथ में ही थी। यही वजह है कि अर्द्धसैनिक बलों में महिला अफसरों की नियुक्ति की जरूरत महसूस हुई। इस समय अर्द्धसैनिक बलों में 1400 महिलाएं हैं।