जब पहली बार हुई मोदी-सोनिया में बातचीत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
16वीं लोकसभा के पहले सत्र की पहली बैठक बुधवार को हुई। सदन के अंदर का नजारा पिछले सत्र से बिल्कुल अलग दिखा। सदन में सत्ता परिवर्तन की झलक साफ तौर पर महसूस की गई। सत्तापक्ष खासकर भाजपा सांसद जहां पूरे जोशोखरोश में थे, वहीं विपक्ष खासतौर पर कांग्रेसी खेमे में खामोशी छाई रही।
बीते एक दशक से बतौर पीएम मनमोहन सिंह जहां बैठते थे, वह जगह नए पीएम मोदी ने ले ली। जबकि 15वीं लोकसभा के दौरान वर्तमान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की सीट पर नई लोकसभा में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी विराजमान थी। सपा के मुखिया मुलायम सिंह जरूर अपनी पुरानी सीट पर कायम थे।
पहली बैठक में सत्ता में आए बदलाव को साफ महसूस किया जा सकता था। अध्यक्ष के आसन के दाहिनी ओर की पहली पंक्ति में जहां मोदी, आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, सुषमा स्वराज, वेंकैया नायडू और रामविलास पासवान विराजमान थे तो आसन की बाईं ओर की पहली पंक्ति में सोनिया, मल्लिकार्जुन खड़गे, वीरप्पा मोइली बैठे दिखाई दिए।
पहली पंक्ति में जहां जदयू, माकपा के नेता बैठते थे, वहां इस बार अन्नाद्रमुक के थंबीदुरई, तृणमूल के सुदीप बंदोपाध्याय बैठे दिखे। आसन के सामने पहली पंक्ति में पुराने चेहरे के रूप में एक मात्र मुलायम ही विराजमान दिखे।
आते ही छा गए मोदी
पहली बैठक की खास बात मोदी के सदन में आते ही छा जाना था। सदन की बैठक शुरू होने से पहले गृहमंत्री राजनाथ सिंह सबके आकर्षण का केंद्र बने रहे।
मगर कार्यवाही शुरू होने से चंद मिनट पहले क्रीम कलर का कुर्ता और चूड़ीदार पायजामा पहने मोदी जैसे ही सदन में आए, वैसे ही एक शोर सा मचा। सत्ता पक्ष के सदस्य देर तक मेजें थपथपाते दिखे।
सांसद उनसे मिलने और उनका पांव छूने की होड़ लगाते दिखे, जबकि मोदी आते ही विपक्ष की बेंच की बढ़ गए। इस दौरान विपक्षी सदस्यों की निगाहें भी मोदी पर टिकी थी। मोदी को अपनी ओर आते देख मुलायम ने खड़े होकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुलायम ने उन्हें जीत की बधाई भी दी।
आडवाणी ने खड़े होकर दिया सम्मान
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने मोदी के सदन में आने पर खड़े होकर सम्मान किया। इसके अलावा विपक्षी दलों के सांसदों से मिलने के बाद जब मोदी वापस अपनी सीट पर बैठे तो आडवाणी उन्हें सदन में लगे चित्रों, वोटिंग स्क्रीन, पेंटिंग आदि की जानकारी देते भी दिखाई दिए।
मोदी-सोनिया में पहली बार हुई बात
विपक्षी नेताओं से मिलने के क्रम में मोदी जब तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय से बात कर रहे थे, तभी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी अंदर आईं। मोदी हाथ जोड़कर आगे बढ़े तो सोनिया ने भी आगे बढ़कर उनका अभिवादन किया और उनसे गुफ्तगू भी की। दोनों नेताओं की यह पहली बातचीत थी।
गुमशुम ही दिखे राहुल
दस साल के दौरान सत्तापक्ष की अंतिम बेंच पर बैठ रहने वाले राहुल गांधी ने इस बार भी बैठने के लिए पिछली बेंच को ही तरजीह दी।
हालांकि इस बार राहुल विपक्ष वाली जगह के अंतिम छोर पर बैठे थे। करीब 17 मिनट तक चली कार्रवाई के दौरान राहुल गुमशुम से बैठे दिखाई दिए। उन्होंने किसी से कोई बात नहीं की।