पहले हेलमेट लगाइए तब मिलेगा पेट्रोल!
सड़क हादसे में केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की मौत के बाद सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर एक्शन में आती दिख रही है। सुरक्षा के इंतजाम को पुख्ता करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने पेट्रोल पंप डीलरों से सहयोग मांगा है।
सड़क हादसों में कमी लाने के लिए पेट्रोल पंप डीलरों से कहा गया है कि वे हेलमेट पहने और सीट बेल्ट लगाए बगैर वाहन चलाने वालों को पेट्रोल और डीजल मुहैया नहीं कराए। उन्होंने इसे अनिवार्य तौर पर लागू करने को कहा है।
उन्होंने कहा कि यूरोपीय देशों की तर्ज पर सीट बेल्ट और हेलमेट नहीं लगाने वालों को दंड देने के लिए नए कानून का प्रावधान होना चाहिए। वहीं, सड़क व परिवहन मंत्रालय भी अपने स्तर पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की तैयारी में है।
हादसों से बचने के लिए कदम उठाना जरूरी
हर्षवर्धन ने कहा कि सुरक्षा के मुद्दे पर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। ज्यादातर लोगों को पीछे की सीट पर लगाया गया सेफ्टी बेल्ट केवल सजावट की वस्तु लगती है।
लेकिन कार के आगे सीट पर बैठने वाले की तरह पीछे बैठने वालों के लिए भी सुरक्षा बेल्ट का इस्तेमाल जरूरी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बेल्ट की अनदेखी चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुकी है।
अधिकांश कार मालिक पीछे की सीट को कवर करा देते हैं। जिससे सीट बेल्ट का इस्तेमाल खत्म हो जाता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए मंत्रालय की ओर से एक कैंपेन शुरू किया जाएगा।
ब्रिटेन में किए गए एक रिसर्च के मुताबिक कार के आगे सीट पर सुरक्षा बेल्ट लगाकर बैठने वालों को घातक चोट लगने की आशंका 50 फीसदी तक कम हो सकती है। जबकि पिछली सीट पर बैठने वाले ने अगर सीट बेल्ट लगाया है तो वह 73 फीसदी तक गंभीर चोट से बच सकता है।