टोलप्लाजा पर भारी बवाल, खौफनाक मंजर
इलाहाबाद-कानपुर हाईवे के सिहोरी (कोखराज) टोल प्लाजा पर मंगलवार दोपहर लेन-देन को लेकर भारी बवाल हुआ। बालू सप्लायर स्थानीय तीन युवकों को बंधक बनाकर पीटने पर टोल प्लाजा के मैनेजर, कर्मचारी और ग्रामीणों के बीच घंटेभर फायरिंग हुई। इससे सिहोरी गांव के मोहम्मद तारिक, फरमान और लवलेश पांडेय घायल हो गए। कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। टोल प्लाजा की दीवारों में छेद हो गए। मौके पर कई थानों की फोर्स, पीएसी के जवानों को लेकर एएसपी, सीओ पहुंचे।
जानकारी पर डीआईजी भगवान स्वरूप भी सिहोरी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। डीआईजी ने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। घटना में टोल प्लाजा के मैनेजर समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। तनाव को देखते हुए मौके पर तीन सीओ के साथ कई थानों की फोर्स और भारी संख्या में पीएसी के जवान तैनात हैं। बवाल के चलते दो घंटे तक हाईवे पर यातायात ठप रहा।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-2 के बाईपास पर सिहोरी गांव के समीप टोल प्लाजा बना है। टैक्स वसूली के लिए यहां पर इंदौर की कांस्ट्रक्शन कंपनी कंप्यूटराइज्ड केबिन बना रही है। एसपी आरके पांडेय ने बताया कि टोल प्लाजा के मैनेजर आरबी सिंह ने सिहोरी गांव के माजिद अली और उजिहिनी गांव के सरवर आलम, साहबे आलम से ईंट, गिट्टी, बालू आदि निर्माण सामग्री ली है। ईंट-बालू के भुगतान को लेकर मैनेजर और इन युवकों में विवाद चल रहा है। मंगलवार को भी इसे लेकर कहासुनी हुई। टोल प्लाजा में मौजूद कर्मचारियों ने तीनों युवकों को बंधक बनाकर पिटाई कर दी। इसकी सूचना सिहोरी और आसपास के अन्य गांववालों को मिली तो वे मौके पर पहुंच गए।
गुस्साई महिलाओं ने घेरा कोखराज थाना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक असलहों से लैस दोनों पक्ष के लोग भिड़ गए। मैनेजर के सहयोगियों और ग्रामीणों के बीच करीब घंटेभर तक गोलियां दागी गईं। इससे पूरा इलाका दहल गया। गोलियां लगने से सिहोरी गांव के मोहम्मद तारिक (30) पुत्र नईमुद्दीन, फरमान (19) पुत्र बद्दू अहमद, और लवलेश पांडेय घायल हो गए। उनको इलाहाबाद के निजी हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। इनमें तारिक की हालत नाजुक बनी हुई है। बवाल की सूचना पर जिलेभर की फोर्स, पीएसी लेकर पुलिस अफसर पहुंचे। गांववालों की पुलिस से भी झड़प हुई। मौके पर तनाव को देखते हुए भारी फोर्स तैनात है। हालांकि डीआईजी भगवान स्वरूप ने दावा किया है कि हालात सामान्य है।
सिहोरी के पास हाईवे पर फायरिंग थमते ही स्थानीय महिलाओं ने मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने कोखराज थाने का घेराव किया। टोल प्लाजा के ठेकेदार और उनके सहयोगियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर गिरफ्तारी की मांग की। उनका आरोप है कि ठेकेदार के लोग गांव वालों को धमकी दे रहे हैं। यह भी कि जब भी ठेकेदार स्थानीय कारोबारियों से ईंट, बालू आदि मंगवाते हैं, पैसा मांगने पर गांव आकर धमकी देने लगते हैं। एएसपी अजीत सिन्हा ने प्रकरण की जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाकर महिलाओं को शांत कराया।
गोलियों की गूंज से सहमे रहे तराई के लोग
सिहोरी हाईवे के टोल प्लाजा पर घंटेभर तक तड़तड़ाती रहीं गोलियों से गंगा तराई के लोग सहम उठे। बवाल से करीब दो घंटे तक हाईवे पर यातायात भी बंद रहा। दोपहर करीब तीन बजे हाईवे से फोर्स की मुस्तैदी के बाद वाहनों का आना-जाना शुरू हुआ।
टोल प्लाज के समीप दुकान खोलने वाले उस्मान ने बताया कि उसने कभी ऐसा खौफनाक मंजर नहीं देखा था। लगातार गोलियां चल रही थीं। दुकान बंद करके भागने के दौरान उसे लगा कि जान नहीं बचेगी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पुलिसवालों भी घबरा गए। बवाल के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर करीब दो घंटे यातायात ठप रहा। एक के पीछे एक कई ट्रक और बड़े वाहन खड़े रहे। छोटे वाहन रूट बदलकर निकल रहे थे। अपराह्न करीब तीन बजे हाईवे पर भारी सुरक्षा के बीच वाहनों का आवागमन शुरू कराया गया। फिलहाल तनातनी के मद्देनजर अब भी सिहोरी का इलाका छावनी बना हुआ है।