यूपी: चुनाव जीतने पर फायरिंग, गोली लगने से मासूम की मौत
ब्लाक प्रमुख चुनाव के नतीजे घोषित होने पर कैराना ब्लाक कार्यालय के बाहर कुछ लोगों ने तमंचों से जमकर फायरिंग की। इस दौरान मौसी के साथ ई रिक्शा से जा रहे बालक की गोली लगने से मौत हो गई।
घटना पर गुस्साए लोगों ने बालक का शव सड़क पर रखकर पानीपत-खटीमा हाईवे जाम कर दिया। ब्लाक प्रमुख के पति समेत पांच लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला।
रविवार अपराह्न करीब तीन बजे कैराना विकास खंड कार्यालय के बाहर दोनों ही प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ जुटी हुई थी। मतगणना शुरू होने पर एक पक्ष के लोगों ने कई राउंड हवाई फायरिंग कर दी।
फिर जब चुनाव परिणाम घोषित हुआ, तो दूसरे पक्ष ने हर्ष में फायरिंग की। इसी दौरान ई रिक्क्षा में अपनी मौसी के साथ जा रहे समी (8) पुत्र अहसान निवासी दरबार खुर्द के सीने में गोली लग गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
पानीपत-खटीमा हाईवे किया जाम
बालक के परिजनों सहित सैकड़ों लोग अस्पताल पहुंच गए। जिसके बाद बालक का शव कांधला तिराहे पर रखकर पानीपत खटीमा हाईवे जाम कर दिया गया। लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गुस्सा बना हुआ था।
उधर, जाम और प्रदर्शन की जानकारी होने पर बसपा नेता हाजी अनवर हसन, कंवर हसन भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्षेत्रीय सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन भी आ गए। बाद में मौके पर पहुंचे एसपी विजय भूषण और एएसपी अनिल कुमार झा ने लोगों को समझाने का प्रयास किया।
बसपा नेता हाजी अनवर हसन और कंवर हसन ने अधिकारियों से कहा कि यह पुलिस के नकारेपन का उदाहरण है, क्योंकि पुलिस की मौजूदगी में अवैध हथियारों से हर्ष फायरिंग होती रही और पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे।
हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांधला, झिंझाना और शामली से भी पुलिस फोर्स मौके पर बुला लिया गया। खबर लिखे जाने तक प्रदर्शनकारियों ने जाम लगाया हुआ था। प्रदर्शनकारी हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
लगभग दस बजे पुलिस ने ब्लाक प्रमुख पति सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या और बलवे की रिपोर्ट दर्ज की। उसके बाद ही पुलिस ने समी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
समी के चाचा इकबाल ने ब्लाक प्रमुख पति गय्यूर व मुमताज निवासी भूरा, इनाम निवासी आलकला, मुरसलीन निवासी आल खुर्द , छोटा उर्फ नफीस निवासी आल दरमियान को इस मामले में आरोपी बनाया है।
रिपोर्ट में धारा 147,148,149 और 302 लगी हैं। आरोपी ब्लाक प्रमुख पति गय्यूर का कहना है कि चुनाव हारने वाले पक्ष ने की थी फायरिंग, हमारे खिलाफ साजिशन रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।