मंदिर तोड़ने पर फायरिंग में एक घायल, 11 को भेजा जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव जैंत में प्रजापति समाज की ओर से स्थापित मंदिर को तोड़ने पर दो पक्षों में पथराव और फायरिंग हुई। इसमें एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया और पथराव और मारपीट में छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स और एसपी सिटी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के 11 लोगों को पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने 27 नामजद सहित 100 लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव के प्रधान प्रतिनिधि दलवीर सिंह उर्फ भूरा ने बताया कि गांव जैंत के सिगार मोहल्ला में प्रजापति समाज और ठाकुरों की मिली-जुली आबादी है। मोहल्ले के तिराहे के निकट ग्राम समाज की जगह प्रजापति समाज के लोगों की अपील पर मंदिर निर्माण के लिए निश्चित की गई थी। यहां प्रजापति समाज ने भोले नाथ का मंदिर बनवा लिया।
पास में ही आजाद ठाकुर ने एक पुराना मकान खरीद लिया, यहां वह अपनी गाड़ी खड़ी करने लगे। बताया गया कि मंदिर के कारण उनकी गाड़ी खड़ी करने में अड़चन आने पर उन्होंने प्रजापति समाज के लोगों से यहां से मंदिर हटाकर अन्य कहीं बनाने के लिए कहा, लेकिन प्रजापति समाज के लोग नहीं माने।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर 11 जेल भेजे
बताए अनुसार रविवार सुबह आजाद ठाकुर अपने साथ छह से अधिक लोगों को लेकर आए और मंदिर तोड़ दिया, प्रतिमा उखाड़ दी। विरोध करने पर प्रजापति समाज के लोगों की पिटाई कर दी और फायरिंग की। इसके बाद दोनों ओर से पथराव हुआ।
इस दौरान 48 वर्षीय चोखे प्रजापति के हाथ में गोली लग गई। मोहन, भूदेव, कमल सहित छह लोग घायल हो गए। सूचना पर एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी और जैंत, वृंदावन कोतवाली, हाईवे, गोवर्धन, छाता पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में आजाद सहित 11 लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार मंदिर को तोड़ने और मारपीट, पथराव आदि के मामले में कोई पक्ष रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं आया। एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी ने बताया कि जैंत पुलिस की ओर से 27 नामजदों सहित 100 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। 11 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।