मुंबई: भिखारी की झुग्गी में आग, खाक हुई नोटों से भरी 3 बोरियां
मुंबई के कल्याण में 70 साल के एक भिखारी के झुग्गी में अचानक आग लग गई। जिससे उसमें मौजूद 3 बोरियों से भरे नोट खाक हो गए।
भिखारी ने ये पैसे भीख मांग-मांग कर जमा किए थे। लेकिन उसकी गाढ़ी कमाई अचानक लगी आग में खाक हो गए। बोरियों में 10 से लेकर 50 रुपये तक के नोट थे।
पूरा मामला कल्याण के लाहूजी नगर का है। जहां 70 साल मोहम्मद रहमान अपनी पत्नी फातिमा के साथ एक झोपड़े में रहते हैं।
पुलिस ने बताया कि आखिर इस आग में कितना नुकसान हुआ है ये अभी तक साफ नहीं हुआ है। खुद मोहम्मद रहमान ने भी तीनों बोरियों में रखे रुपयों को नहीं गिना था। लेकिन ये बोरियां नोटों और सिक्कों से भरी हुई थी।
बोरी में थे 10 से 50 रुपये के नोट
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 3 बजे जब भिखारी मोहम्मद रहमान की फातिमा घर में अकेली थी तो अचानक ही एक मोमबत्ती जमीन पर गिर गई। फातिमा की नजर जब तक उस ओर पड़ती आग फैल गई और रुपयों से भरी बोरियों तक पहुंच गई। घटना के वक्त मोहम्मद रहमान वहां नहीं थे।
फातिमा ने बताया कि जब उन्होंने झुग्गी में आग लगे देखा तो वह भाग कर बाहर चली गई। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बोरियों में रुपये भरे हुए हैं। इसलिए उन्होंने इसे बचाने की कवायद भी नहीं की। आग बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को मामले की सूचना दी। जब तक में फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग पर काबू पाते झुग्गी में मौजूद नोटों से भरी बोरियां खाक हो चुकी थी।
पूरे मामले रहमान ने बताया कि ये पैसे उन्होंने तब जमा किए थे जब वो कारपेंटर हुआ करते थे। अब बुढ़ापे में उनके बच्चों ने जब उनका साथ छोड़ दिया और वह खुद भी काम नहीं कर पा रहे थे तो ऐसे में उन्होंने भीख मांगना शुरू किया। हालांकि उन्होंने ये साफ जरूर किया कि जो पैसे बोरियों में थे वह भीख मांग कर जमा नहीं किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास कोई बैंक अकाउंट नहीं है। इसलिए उन्होंने ये पैसे बोरियों में भर कर रखे थे।