{"_id":"187c884512e65eb502477b7daedb4838","slug":"fire-in-merrut-hindi-news-rk","type":"story","status":"publish","title_hn":"मेरठ: गद्दों के शोरूम में लगी भीषण आग ","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
मेरठ: गद्दों के शोरूम में लगी भीषण आग
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
Updated Tue, 06 Jan 2015 08:30 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली रोड पर केसरगंज में गद्दों के तीन मंजिला शोरूम में मंगलवार को भीषण आग लग गई। तीसरी मंजिल पर करीब 10 मजदूर काम कर रहे थे, जो आग की चपेट में आने से बचे। करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हो गया। फायर ब्रिगेड टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई।
विज्ञापन
मोहल्ला देवपुरी निवासी विजय गेरा का रेलवे रोड थाना क्षेत्र में पूर्वा महावीर (केसरगंज) में मेन रोड पर बजाज फोम हाउस के नाम से तीन मंजिला शोरूम है। तीन मंजिल के अलावा शोरूम में बेसमेंट भी है। शोरूम में लिफ्ट लगाने के लिए काम चल रहा है। चारों ही मंजिलों पर गद्दे, फोम, पर्दों के बंडल तथा अन्य सामान भरा है, जबकि तीसरी मंजिल पर भी बड़ा स्टोर है। मंगलवार दोपहर करीब 1:10 बजे तीसरी मंजिल पर आग लगी, तब वहां 10 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे। आग लगते ही मजदूर गिरते पड़ते नीचे की तरफ भागे। मजदूरों का ठेकेदार मदन बेहोश होकर वहीं गिर गया। कुछ दी देर में आग ने भीषण रूप ले लिया। आग की लपटें और धुआं फैला, तो आसपास के लोगों को आग की जानकारी हुई। मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए और ऊपरी मंजिल पर फंसे मदनलाल को निकालकर बाहर लाए।
विज्ञापन
उधर, शोरूम मालिक विजय गेरा के भाई अश्वनी गेरा ने फायर कंट्रोल रूम को कॉल कर सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भयंकर लगी थी कि एकदम से शोरूम के ऊपरी मंजिल तक पानी पहुंचाना मुश्किल हो गया। करीब दो घंटे तक फायर ब्रिगेड टीम लगी रही, तब जाकर आग बुझाई जा सकी। शोरूम मालिक विजय गेरा ने बताया कि तीसरी मंजिल पर गोदाम में समस्त सामान स्वाहा हो गया, वहीं दूसरी और नीचे की तरफ पानी भरने से भारी नुकसान हुआ। उन्होंने अनुमानित तौर पर बताया कि करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां पहुंची
गद्दों के शोरूम में लगी आग पर काबू पाने के लिए एक के बाद एक तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचने के बावजूद काबू नहीं हुआ। इस बीच चीफ फायर ऑफिसर आईएस सोनी पहुंचे। फिर उन्होंने फायर स्टेशन घंटाघर के अलावा परतापुर, पुलिस लाइन सहित जिले भर से 12 गाड़ियां मौके पर बुला ली। कई बार पानी खत्म हुआ, तो गाड़ियां दोबारा पानी भरकर मंगाई गई।
वेल्डिंग से लगी आग, शोरूम मालिक का इंकार
आग लगने की वजह तीसरी मंजिल पर लिफ्ट लगाने के लिए चल रहे वेल्डिंग को बताया गया। वेल्डिंग से एक चिंगारी फोम पर जा गिरी और फिर पूरे गोदाम में आग फैल गई। चूंकि फोम में आग तेजी से फैली, जिस कारण जल्दी से आग बुझाने का मौका तक नहीं मिला। वहीं, शोरूम मालिक विजय गेरा का कहना था कि वेल्डिंग काम नहीं चल रहा था, सिर्फ राज मिस्त्री सीमेंट से निर्माण कर रहे थे।
दहशत में रहे आसपास के लोग
बजाज फोम हाउस के पास में मित्तल फोम, रवि रेक्सीन और अन्य दुकानें हैं। वहीं पीछे की तरफ घनी आबादी है। शोरूम में आग लगने पर आसपास के दुकानदारों के अलावा पूर्वा महावीर मोहल्ले के लोगों में दहशत फैल गई। शोरूम की पिछली दीवार से भी लपटें उठ रही थी। इससे दीवार टूटकर गिरने का खतरा पैदा हो गया। इसकी वजह से लोग अपने घरों से भागकर बाहर निकल आए। जब आग बुझी, तब लोगों ने राहत की सांस ली।
आग बुझाने को तोड़नी पड़ी दीवारें
तीसरी मंजिल पर जहां आग लगी, वहां तक पहुंचने का रास्ता शोरूम के भीतर से ही जाता है। आग भयंकर होने के कारण वहां पहुंचना मुश्किल हो गया, तो लोगों ने पास की बिल्डिंग पर चढ़कर शोरूम की पिछली दीवार पर हथोड़े बरसाकर कई जगह से तोड़ा। जैसे ही दीवार टूटी, तो आग का गोला बाहर निकला और कई लोग दूर जा गिरे तथा बमुश्किल बचे। इसके बाद फायर ब्रिगेड टीम ने पीछे की तरफ से पानी बरसाया।
रूट डायवर्ट से शहर के रास्ते जाम
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां जब मौके पर पहुंची, तो लोगों का हुजूम लगा था। इस वजह से दिल्ली रोड पर ट्रैफिक ठप हो गया। पुलिस ने एक तरफ केसरगंज चौकी से तो दूसरी तरफ रेलवे रोड चौराहे से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। इस वजह से घंटाघर, ईदगाह चौराहा, रेलवे रोड चौराहा, बागपत अड्डा, जली कोठी और खैरनगर तक ट्रैफिक जाम लग गया। आग बुझने के बाद जब फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके से हटी, तब यातायात सुचारु हो सका।
कई बार लग चुकी यहां आग
बजाज फोम हाउस में पूर्व में भी दो बार आग लग चुकी है। मंगलवार को भी जब आग लगी तो व्यापारी विजय गेरा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। हर किसी की जुबां पर यही बात थी कि इन्हीं के शोरूम में बार-बार आग लगना दुखद है। वहीं, मोहल्ला पूर्वा महावीर के लोगों ने भी आग बुझाने में भरपूर सहयोग दिया। कई युवक तो अपनी जान की परवाह किए बगैर तीसरी मंजिल तक पहुंच गए थे।