सीएम कार्यालय की हरी झंडी के बाद DG समेत 38 पर केस
मशहूर गीतकार संतोष आनंद के बेटे संकल्प आनंद व उनकी पत्नी नरेश नंदिनी द्वारा कोसीकलां में की गई आत्महत्या और 250 करोड़ रुपये के घोटाले मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय से हरी झंडी मिलने पर शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे एफआईआर दर्ज की गई। संकल्प दिल्ली की रोहिणी स्थित लोकनायक जयप्रकाश नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिमिनोलॉजी एंड फोरेंसिक साइंस में लेक्चरर थे।
मामले में यूपी पुलिस के डीजी (आवास निगम) कमलेंद्र प्रसाद का नाम सामने आने पर कार्रवाई आसान नहीं थी। प्रमुख सचिव गृह के कहने पर कमलेंद्र प्रसाद और आईजी संदीप मित्तल सहित 38 लोगों के खिलाफ संकल्प आनंद को आत्महत्या के लिए मजबूर करने और रुपयों को लेकर नाजायज दबाव बनाने का मामला दर्ज किया गया है।
15 अक्तूबर को संगीतकार संतोष आनंद के पुत्र संकल्प आनंद (39), उनकी पत्नी नरेश नंदिनी आनंद ने कोसीकलां में मथुरा-दिल्ली रेल लाइन पर ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली थी।
सुसाइड नोट में करोड़ों के घोटाले का आरोप
उनकी कार से मिले 10 पेज के सुसाइड नोट में संकल्प आनंद ने उनकी नौकरी वाले संस्थान लोकनायक जयप्रकाश नारायण राष्ट्रीय अपराध एवं विधि विज्ञान संस्थान रोहिणी को मिले 250 करोड़ रुपये की ग्रांट और विभिन्न पदों पर भर्ती आदि करने को लेकर करोड़ों के घोटाले का आरोप लगाया है।
मामले में कोसीकलां पुलिस को संतोष आनंद ने शुक्रवार रात को तहरीर दी। गीतकार संतोष आंनद निवासी फ्लैट नंबर 48-ए डीडीए फ्लैट सुखदेव विहार ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि उनके पुत्र संकल्प आनंद, पुत्रवधू नरेश नंदिनी आनंद ने कोसीकलां में रेलवे लाइन पर सुसाइड किया।
उनके द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में अंकित तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाए और न्याय दिलाया जाए। तहरीर लेखक सरिता विहार निवासी सुरेश मित्तल ने संतोष आनंद के अंगूठे की निशानी लगी तहरीर पुलिस को दी है।
एफआईआर में दर्ज लोगों के नाम
1-कमलेन्द्र प्रसाद, 2- संदीप मित्तल, 3- डा. बीएन चटटेराज, 4- एमके डागा, 5- सिमी शंखधर, 6- अमित शंखधर, 7- रूही गांगुली, 8-गौरी शंकर, 9-एलबी सिंह, 10-सुधीर, 11-अजय ठाकुर, 12- फारुख, 13-हाफिज सिद्दीकी, 14- प्रदीप शर्मा, 15- मिस्टर श्रीवास्तव, 16-शरद ओझा, 17-देव कौशिक, 18-सिद्धार्थ अग्रवाल, 19-कामदार मुखई, 20-डा. बत्रा,
21-सपना गोयल, 22-सुखविंदर, 23-अरुण जैन, 24-मिथिलेश चौबे, 25- जेपी यादव, 26-पुष्पा यादव, 27- वीएस चौहान, 28-जौली, 29-एके गर्ग, 30- आलोक, 31-सारंग, 32-दीपा पांडेय, 33-इम्तियाज खान, 34- रविन्द्र, 35- इमरान, 36- त्यागी, 37-कैप्टन चौधरी, 38-मथान
संकल्प के संस्थान में विभागीय जांच शुरू
गीतकार संतोष आनंद के बेटे संकल्प आनंद और पुत्रवधू नरेश नंदिनी आनंद द्वारा की गई आत्महत्या और 250 करोड़ के घोटाले को लेकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण राष्ट्रीय अपराध शास्त्र एवं विधि विज्ञान संस्थान में विभागीय जांच भी शुरू हो गई है।
मामले में संकल्प की कार से मिले सुइसाइड नोट में लिखे आरोपों को लेकर केंद्र सरकार ने स्वत: संज्ञान लेते हुए केंद्रीय गृह सचिव के आदेश पर जांच बैठाई है। मामले में लोकनायक जयप्रकाश नारायण राष्ट्रीय अपराध शास्त्र एवं विधि विज्ञान संस्थान की निदेशक ने मथुरा पुलिस से संकल्प आनंद द्वारा कार में छोड़े गए 10 पेज के सुइसाइड नोट और 38 लोगों के खिलाफ दर्ज की गई रिपोर्ट की प्रति मांगी है। एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि सुइसाइड नोट और एफआईआर की प्रति संस्थान निदेशक को उपलब्ध कराई जा रही है।
कोटवन चौकी प्रभारी करेंगे मामले की विवेचना
संकल्प आनंद और उनकी पत्नी नरेश नंदिनी आनंद द्वारा आत्महत्या के मामले की विवेचना कोसीकलां थाने की चौकी कोटवन के प्रभारी एसआई प्रेमचंद्र यादव करेंगे। एसएसपी ने बताया कि फिलहाल प्राथमिक तौर पर सबूत जुटाए जा रहे हैं। जरूरत हुई तो किसी अन्य अधिकारी को विवेचना सौंपी जाएगी।