जब मंदिर में ही भिड़ गए श्रद्धालु और गार्ड, देखिए फिर क्या हुआ
(घायल बेटे अमित के साथ उनकी मां चंदवती)
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में रविवार की सुबह दर्शनों के लिए आए श्रद्धालु और मंदिर के निजी सुरक्षाकर्मियों के बीच मारपीट हो गई। घटना में दो श्रद्धालु और दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया है। देर शाम मामले में श्रद्धालुओं की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई।
दिल्ली के कबीर नगर निवासी रामप्रकाश वर्मा रविवार की सुबह परिवार के साथ ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन करने के लिए आए थे। परिवार के सदस्य मंदिर के गेट नंबर तीन से अंदर जा रहे थे तभी गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी करतार सिंह और सुरेश से उनका विवाद हो गया। कुछ देर में मारपीट होने लगी।
ये लग रहे हैं आरोप
(सौ शैया संयुक्त जिला अस्पताल में पुलिस को घटना से अवगत कराता पीड़ित परिवार)
आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने रामप्रकाश, उनके बेटे विकास, अमित और देवेंद्र के साथ मारपीट की। बीचबचाव में रामप्रकाश की पत्नी चंद्रवती, विकास की पत्नी अंजलि और अमित की पत्नी पूनम के साथ भी धक्कामुक्की की गई। मारपीट में रामप्रकाश के बेटे अमित और देवेंद्र के साथ ही दोनों सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए ले जाया गया। देर शाम मामले में रामप्रकाश वर्मा ने मंदिर के आठ-दस गार्डों के खिलाफ मारपीट करने की तहरीर कोतवाली में दी। पुलिस ने मामले में एनसीआर दर्ज कर ली है।