मोदी के नाम पर फर्जी ट्वीट, इंटरनेट पर हंगामा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जर्मनी प्रेम को लेकर किए गए एक फर्जी ट्वीट पर हंगामा खड़ा हो गया। समाचार एजेंसी एएनआई के ट्विटर हैंडल से किया गया ट्वीट इंटरनेट पर वायरल होने लगा, जिसके बाद एजेंसी को सफाई देनी पड़ी।
दरअसल उस ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जर्मनी में दिए भाषण का जिक्र किया गया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि जर्मनी से उनका प्रेम दशकों पुराना है। जब वे गुजरात में एक छोटे बच्चे थे, एक जर्मन शेफर्ड उनका दोस्त था। उल्लेखनीय है कि जर्मन शेफर्ड कुत्ते की एक नस्ल है।
एएनआई ने अपने टि्वटर हैंडल से उस ट्वीट की फोटो शेयर की और उसे फर्जी बताया। समाचार एजेंसी ने बताया कि ट्वीट फोटोशॉप्ड है और एएनआई को उससे कोई लेनादेना नहीं है। जिन्होंने ये हरकत की है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ट्वीट करने वालों के खिलाफ मुकदमा
एएनआई ने मॉर्फ्ड करने वालों के खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा और दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में मुकदमा भी दर्ज करा दिया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों तीन देशों की यात्रा पर है। पहले चरण में उन्होंने फ्रांस की यात्रा की थी, जबकि दूसरे चरण में जर्मनी गए। उनकी यात्रा का तीसरा पड़ाव कनाडा है।
मंगलवार की रात वह कनाडा पहुंचे। भारतीय मीडिया समेत कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी की यात्रा का लाइव कवरेज कर रहे हैं। एएनआई के ट्विटर हैंडल से भी प्रधानमंत्री की यात्रा का ब्योरा दिया जा रहा है।
मंगलवार के एनआई के हवाले से ही एक फर्जी ट्वीट इंटरनेट पर वायरल हो गया। समाचार एजेंसी ने कहा कि ट्वीट उन्होंने नहीं किया है, मॉर्फ्ड करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फर्जी ट्वीट को शेयर करते हुए लोगों ने कई रोचक कमेंट भी किए।