अब नए तरीके से आपके घर इंटरनेट पहुंचाए फेसबुक
फेसबुक पूरे भारत को अपनी साइट से जोड़ना चाहता है। इसके लिए वह देश में सौर ऊर्जा चालित विमान के जरिए इंटरनेट सेवा प्रदान करने की तैयारी कर रहा है। यही नहीं, वह पारंपरिक स्रोतों के अलावा अन्य तकनीक का उपयोग कर इंटरनेट सेवा उपलब्ध करने पर भी काम कर रहा है।
फेसबुक के इंटरनेट डॉट ओआरजी प्रोग्राम के उपाध्यक्ष क्रिस डेनियल बताते हैं, ‘इंटरनेट के पारंपरिक स्रोतों के अलावा अन्य तकनीक तैयार करने पर काम चल रहा है। हम इन तकनीकों को भारत में शुरू करने के लिए तैयार हैं। यहां इंटरनेट से वंचित लोगों को इस सेवा से जोड़ने के अच्छे अवसर हैं।’
डेनियल बताते हैं कि सौर ऊर्जा से संचालित विमान के जरिए इंटरनेट उपलब्ध कराने पर विचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि हम विमान इसलिए चुन रहे हैं क्योंकि यह काफी ऊंचाई पर रह सकते हैं। उस पर यदि ये सौर ऊर्जा से संचालित हों, तो कोई भारी-भरकम जनरेटर और अन्य मशीन नहीं लगानी पड़ेगी।
यह एक बहुत ही आसान और सुविधाजनक तरीका हो सकता है इंटरनेट सेवा देने का। हालांकि इसे भविष्य में शुरू करने की योजना है। इसके साथ ही फेसबुक को उम्मीद है कि इंटरनेट सेवा पर होने वाला खर्च भी इससे कम होगा। डेनियल बताते हैं कि जिन भी टेलीकॉम कंपनियों ने ‘इंटरनेट डॉट ओआरजी’ प्रोग्राम में हिस्सा लिया है, उनके इंटरनेट डेटा लेने वाले उपभोक्ताओं में 40 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है।