नीतीश के पूर्व विधायक ने मांगी 2 करोड़ की रंगदारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (युनाइटेड) के पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला ने एक इंजीनियरिंग कॉलेज के मालिक से 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। वैशाली जिले में पाटलिपुत्र इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक ने मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल में बंद इस बाहुबली नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जबकि सेंट्रल जेल के जेलर ने भी मोबाइल फोन और चार्जर रखने के मामले में मुन्ना शुक्ला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मुन्ना शुक्ला डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट की हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं।
एसपी उपेंद्र कुमार सिन्हा के मुताबिक इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक संतलाल यादव ने अपनी एफआईआर में कहा है कि जदयू की 4 नवंबर को पटना में होने वाली ‘अधिकार रैली’ के लिए मुन्ना शुक्ला ने 26 अक्तूबर को फोन कर 2 करोड़ रुपये की मांग की है और पैसा न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी है।
इस पूर्व विधायक के खिलाफ दूसरी एफआईआर मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल के जेलर दिलीप मित्रा ने की है। उन्हें शुक्ला के पास से एक मोबाइल और चार्जर बरामद हुआ है। मुजफ्फरपुर रेंज के डीआईजी सुशील खोपरे ने कहा है कि दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी गई है। इस बीच पार्टी ने शुक्ला से दूर रहना ही बेहतर समझा है। मौजूदा विधायक अंजू शुक्ला के पति मुन्ना ने 2005 में पार्टी की टिकट पर लालगंज से चुनाव जीता था।