'पीएम मोदी ने उठाया है स्टेट्समैन जैसा कदम'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पाकिस्तान यात्रा का विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और भाजपा ने स्वागत किया है। सुषमा ने इसे स्टेट्समैन जैसा कदम करार दिया है, जबकि पीएम की पहल कांग्रेस और केंद्र सरकार की सहयोगी शिवसेना को रास नहीं आई है।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस यात्रा के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। सुषमा ने पीएम की यात्रा का ट्वीट के जरिए स्वागत करते हुए कहा कि इसे कहते हैं स्टेट्समैन।
दोनों देशों के बीच रिश्ते ऐसे ही होने चाहिए। वहीं भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा कि भारत पाकिस्तान से संबंध सुधारने के प्रति ईमानदार है। (तस्वीर-पीएम मोदी के स्वदेश वापसी पर उन्हें पालम हवाई अड्डे पर रिसीव करने पहुंची विदेश मंत्री सुषमा स्वराज)
पाक एक कदम आगे बढे़गा, तो हम दो
पीएम ने पाकिस्तान जाकर संदेश दिया है कि रिश्ते सुधारने के लिए पाक अगर एक
कदम आगे बढ़ेगा तो भारत दो कदम आगे बढ़ने को तैयार है। दूसरी ओर कांग्रेस
के प्रवक्ता अजय कुमार ने सवाल किया कि आखिर ऐसा क्या बदल गया, जो सरकार न
केवल पाकिस्तान से वार्ता के लिए राजी हुई, बल्कि खुद प्रधानमंत्री वहां
पहुंच गए।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पहले की तरह ही आतंकवाद को समर्थन दे
रहा है। सीमा पर गोलीबारी भी जारी है। मुंबई में हुए आतंकी हमले में शामिल
आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर भी वह अपने पुराने रुख पर कायम है।
ऐसे में पीएम मोदी की पाकिस्तान यात्रा का क्या औचित्य है।
शिवसेना ने भी
इस दौरे पर ताना मारा। पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने सरकार से पूछा
कि क्या पीएम के दौरे के बाद पाकिस्तान हमें दाउद इब्राहिम सौंप देगा।